समय पर वेतन, ईपीएफ और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग
मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
कोरबा।एसईसीएल गेवरा क्षेत्र में कार्यरत ठेका कंपनी बंसल इंफ्राटेक प्रा. लि. (एचईसी) पर मजदूरों के शोषण का आरोप लगाते हुए कोयला मजदूर पंचायत ने महाप्रबंधक (जीएम) को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने मजदूरों की समस्याओं के समाधान के लिए 7 सूत्रीय मांगें रखते हुए चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन शुरू किया जाएगा।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि साइलो एवं सीएचपी निर्माण कार्य में लगे मजदूरों की नियमित हाजिरी टाइम ऑफिस में दर्ज नहीं की जा रही है। साथ ही उन्हें पहचान पत्र (आईडी कार्ड) उपलब्ध नहीं कराए गए हैं और सुरक्षा मानकों की अनदेखी करते हुए जोखिमपूर्ण परिस्थितियों में काम कराया जा रहा है।
संगठन का आरोप है कि मजदूरों को हर माह की 10 तारीख तक वेतन का भुगतान नहीं किया जाता। इसके अलावा वेतन पर्ची (पेमेंट स्लिप) नहीं दी जाती तथा कर्मचारियों का ईपीएफ भी जमा नहीं किया जा रहा है। ज्ञापन में हाई पावर कमेटी के निर्देशानुसार निर्धारित वेतनमान का भुगतान सुनिश्चित करने की भी मांग की गई है।
कोयला मजदूर पंचायत ने एसईसीएल प्रबंधन से सभी शिकायतों की जांच कर मजदूरों को उनके वैधानिक अधिकार दिलाने की मांग की है। संगठन का कहना है कि यदि कंपनी और प्रबंधन ने समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए तो मजदूरों के हित में आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित कंपनी और प्रबंधन की होगी।

Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
