कोरबा।कटघोरा विकासखंड के छुरीकला स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में सोमवार को छात्रों का आक्रोश उस समय सामने आया, जब उन्होंने विद्यालय की कथित अव्यवस्थाओं के विरोध में कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल और जिला पंचायत अध्यक्ष के वाहन का घेराव कर दिया।
छात्रों ने विद्यालय के प्राचार्य डॉ. अहमद खान को हटाने की मांग करते हुए भोजन, पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़ी गंभीर शिकायतें जनप्रतिनिधियों के समक्ष रखीं।
छात्रों का आरोप है कि उन्हें लंबे समय से गुणवत्ताहीन और स्तरहीन भोजन परोसा जा रहा है। कई बार भोजन की थाली में कीड़े मिलने की शिकायत भी सामने आई है। विद्यार्थियों ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें एक्सपायरी डेट वाले खाद्य पदार्थ और दवाइयां दी गईं, जिससे कई छात्र-छात्राओं की तबीयत खराब हो गई।
विद्यार्थियों का कहना है कि स्वच्छ पेयजल की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण कई बच्चे खाज-खुजली एवं अन्य त्वचा संबंधी बीमारियों से पीड़ित हैं। बार-बार शिकायत करने के बावजूद विद्यालय प्रबंधन द्वारा कोई ठोस सुधार नहीं किए जाने से छात्रों का आक्रोश बढ़ गया।
मौके पर पहुंचे विधायक प्रेमचंद पटेल ने विद्यार्थियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने सहायक आयुक्त को तत्काल जांच कर दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जनप्रतिनिधियों ने छात्रों को शांत करते हुए भरोसा दिलाया कि जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी और विद्यालय की व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार सुनिश्चित किया जाएगा। घटना के बाद विद्यालय परिसर में कुछ समय तक तनाव का माहौल बना रहा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
