विश्व हिन्दू परिषद में नई जिम्मेदारियों की घोषणा, विजय बने प्रांत सह मंत्री; सविता और ऊषा को भी मिला दायित्व

कोरबा। विश्व हिन्दू परिषद छत्तीसगढ़ प्रांत की तीन दिवसीय प्रांत बैठक 24 से 26 जुलाई तक संपन्न हुई। बैठक में संगठन विस्तार, सेवा, सुरक्षा, संस्कार, गौसंरक्षण, धर्म जागरण, सामाजिक समरसता, मातृशक्ति एवं दुर्गावाहिनी के सशक्तीकरण सहित विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। समापन सत्र में संगठन के नए दायित्वों की घोषणा भी की गई।

घोषित दायित्वों के तहत विजय को विश्व हिन्दू परिषद का प्रांत सह मंत्री नियुक्त किया गया। वहीं सुश्री सविता साहू को दुर्गावाहिनी की जिला संयोजिका तथा श्रीमती ऊषा पांडे को मातृशक्ति की जिला संयोजिका का दायित्व सौंपा गया।

संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में संगठनात्मक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। साथ ही सेवा कार्यों, संस्कार निर्माण, नारी सुरक्षा, सामाजिक जागरूकता और संगठन विस्तार के कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जाएगा।

बैठक में प्रांत एवं जिला स्तर के पदाधिकारियों ने ग्राम संपर्क अभियान, सेवा परियोजनाओं, धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों तथा सामाजिक समरसता को मजबूत बनाने के लिए आगामी कार्ययोजना पर भी विचार-विमर्श किया।

कार्यकर्ताओं ने संगठन के उद्देश्यों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने और जनसेवा के कार्यों को अधिक व्यापक बनाने का संकल्प लिया।

बैठक के समापन पर विश्व हिन्दू परिषद परिवार ने विजय, सविता साहू और ऊषा पांडे को नई जिम्मेदारियों के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।