सड़कों पर छोड़े गए मवेशी को गोकुलनगर गौठान पहुंचाया, निगम ने पशुपालकों को दी सख्त चेतावनी

कोरबा। नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा शहर की सड़कों पर स्वच्छंद घूमने वाले मवेशियों के खिलाफ विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है। पिछले एक माह के दौरान निगम की टीम ने 65 से अधिक मवेशियों को पकड़कर सुरक्षित रूप से गोकुलनगर गौठान पहुंचाया है। निगम ने पशुपालकों को चेतावनी दी है कि यदि वे मवेशियों को सड़कों पर खुला छोड़ते पाए गए तो उनके खिलाफ जुर्माने सहित नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

निगम की टीम प्रतिदिन काऊ कैचर की सहायता से शहर के प्रमुख मार्गों और सार्वजनिक स्थानों से आवारा मवेशियों को हटाने की कार्रवाई कर रही है। इस दौरान मौके पर मौजूद पशुपालकों को भी समझाइश दी जा रही है कि वे अपने मवेशियों को खुले में न छोड़ें। निगम के अनुसार सड़कों पर मवेशियों के विचरण से सड़क दुर्घटनाओं, यातायात बाधित होने और मवेशियों के घायल होने का खतरा बना रहता है।

गोकुलनगर गौठान में लाए गए मवेशियों के लिए चारा, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था निगम द्वारा की गई है। महापौर संजू देवी राजपूत और नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने पशुपालकों एवं डेयरी संचालकों से अपील की है कि वे अपने पालतू मवेशियों को घर या निर्धारित स्थान पर ही रखें और उन्हें सड़कों पर न छोड़ें।

आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि निगम क्षेत्र के सभी प्रमुख मार्गों और सार्वजनिक स्थानों पर यह अभियान लगातार जारी रखा जाए। साथ ही गौठान में रखे गए मवेशियों के लिए चारा, स्वच्छ पेयजल तथा नियमित स्वास्थ्य परीक्षण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि पशुओं की बेहतर देखभाल हो सके।