जनदर्शन में 123 आवेदन, कलेक्टर ने अधिकारियों को दिए समय-सीमा में निराकरण के निर्देश

अंत्योदय कार्ड, प्रधानमंत्री आवास, वन पट्टा, पेंशन, सड़क मरम्मत और बिजली बिल सहित कई समस्याएं

कोरबा।जिला कलेक्टर कुणाल दुदावत ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में जिले के दूरस्थ ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने प्राप्त सभी आवेदनों को संबंधित विभागों को भेजते हुए निर्धारित समय-सीमा में जांच कर निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनदर्शन में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 123 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें नवीन अंत्योदय पात्रता राशन कार्ड, वन पट्टों का एग्रीस्टेक पोर्टल में पंजीयन, सीपेट में प्रवेश, छात्रवृत्ति, प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ, स्कूलों में मानदेय शिक्षकों की भर्ती में कथित अनियमितताओं की जांच, भूमि सीमांकन, बैटरी ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराने, अधिक बिजली बिल की शिकायत, अतिक्रमण हटाने, सड़क मरम्मत, पेंशन स्वीकृति तथा मुआवजा सहित विभिन्न जनसमस्याओं से जुड़े आवेदन शामिल रहे।

कलेक्टर श्री दुदावत ने सभी मामलों को प्राथमिकता के आधार पर संबंधित अधिकारियों को प्रेषित करते हुए निर्देशित किया कि प्रत्येक आवेदन की निष्पक्ष जांच कर समयबद्ध और प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

जनदर्शन कार्यक्रम के दौरान अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, सहायक कलेक्टर ईशांत जायसवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।