सेवा सेतु से आसान हुई सरकारी सेवाएं,अब समय पर मिल रहे जरूरी प्रमाण पत्र

कोरबा।राज्य शासन की सेवा सेतु पहल के माध्यम से विभिन्न नागरिक सेवाएं अब एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं। इस व्यवस्था से आम लोगों को सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने से राहत मिली है और निर्धारित समय-सीमा में आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

सेवा सेतु के जरिए जाति, निवास, आय सहित विभिन्न प्रमाण पत्रों के लिए आवेदन और उनका त्वरित निराकरण किया जा रहा है। इससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के नागरिकों को शासन की सेवाओं का लाभ पहले की तुलना में अधिक सरलता और पारदर्शिता के साथ मिल रहा है।

इसी कड़ी में जिले की भैंसमा तहसील के ग्राम तेन्ग्रीमार निवासी महेत्तर राम को लंबे समय से जाति, निवास एवं आय प्रमाण पत्र की आवश्यकता थी। उन्होंने भैंसमा स्थित सेवा सेतु केंद्र में आवेदन किया, जहां उन्हें आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया। निर्धारित समय-सीमा के भीतर उनके आवेदन का निराकरण कर तीनों प्रमाण पत्र उपलब्ध करा दिए गए।

महेत्तर राम ने बताया कि समय पर दस्तावेज मिलने से उनके कई महत्वपूर्ण कार्य आसानी से पूरे हो सके। उन्होंने कहा कि सेवा सेतु जैसी व्यवस्था से आम नागरिकों का शासन के प्रति विश्वास बढ़ा है और विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को इसका सीधा लाभ मिल रहा है।

उन्होंने इस जनहितैषी पहल के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सेवा सेतु ग्रामीणों के लिए बेहद उपयोगी साबित हो रही है और सरकारी सेवाओं को लोगों के द्वार तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।