विश्व हेपेटाइटिस दिवस पर आज नि:शुल्क आयुर्वेद एवं योग चिकित्सा शिविर

कोरबा। विश्व हेपेटाइटिस दिवस के अवसर पर 28 जुलाई को लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट एवं आयुष मेडिकल एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में नि:शुल्क आयुर्वेद एवं योग चिकित्सा परामर्श शिविर का आयोजन किया जाएगा।

शिविर का आयोजन पतंजलि चिकित्सालय में होगा, जहां विशेषज्ञ चिकित्सक मरीजों को परामर्श एवं स्वास्थ्य संबंधी जानकारी देंगे।

लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट के सचिव लायन प्रत्युष सक्सेना ने बताया कि प्रत्येक वर्ष 28 जुलाई को विश्व हेपेटाइटिस दिवस मनाया जाता है। इसका उद्देश्य लोगों को हेपेटाइटिस रोग, इसके कारण, बचाव और उपचार के प्रति जागरूक करना है, ताकि समय रहते मरीज उचित उपचार प्राप्त कर सकें और आमजन भी इस बीमारी के प्रति सतर्क रहें।

शिविर में लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट के अध्यक्ष डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा सहित आयुष विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा नि:शुल्क स्वास्थ्य परामर्श दिया जाएगा। साथ ही आयुर्वेद एवं योग के माध्यम से हेपेटाइटिस सहित अन्य रोगों की रोकथाम और स्वास्थ्य संवर्धन संबंधी जानकारी भी साझा की जाएगी।

आयोजकों ने अधिक से अधिक लोगों से शिविर का लाभ उठाने और हेपेटाइटिस जैसी गंभीर बीमारी के प्रति जागरूक होकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की है।