डीएमएफ से जिले को मिलेगी स्वास्थ्य सुविधाओं की नई सौगात, 22 नए उप-स्वास्थ्य केंद्र भवन बनेंगे

कोरबा।जिला खनिज संस्थान न्यास (डीएमएफ) कोरबा की राशि से जिले के ग्रामीण एवं खनिज प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए 22 नए उप-स्वास्थ्य केंद्र भवनों का निर्माण कराया जाएगा। प्रत्येक भवन के निर्माण पर लगभग 39.95 लाख रुपये की लागत आएगी।

इस परियोजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्थानीय जरूरतों, स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता और क्षेत्रीय आवश्यकताओं का आकलन करने के बाद इन केंद्रों के लिए स्थानों का चयन किया गया है।

भवन निर्माण का कार्य ग्रामीण यांत्रिकी सेवा को सौंपा गया है, जो निर्धारित गुणवत्ता और समय-सीमा के अनुरूप निर्माण कार्य पूरा करेगी।

सभी नए उप-स्वास्थ्य केंद्रों को हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर मॉडल के अनुरूप विकसित किया जाएगा। इन केंद्रों में 24 घंटे स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था होगी। साथ ही प्रत्येक केंद्र में दो स्वास्थ्यकर्मियों के आवास का भी निर्माण किया जाएगा, ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में भी ग्रामीणों को समय पर उपचार मिल सके।

परियोजना पूरी होने के बाद गर्भवती महिलाओं, शिशुओं, वरिष्ठ नागरिकों तथा दूरस्थ गांवों में रहने वाले लोगों को अपने क्षेत्र के नजदीक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसके अलावा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, टीकाकरण, गैर-संचारी रोगों की जांच, प्राथमिक उपचार तथा अन्य आवश्यक चिकित्सा सेवाओं का संचालन भी अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सकेगा।

जिला खनिज संस्थान न्यास (डीएमएफ) कोरबा द्वारा खनिज प्रभावित क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, अधोसंरचना और आजीविका जैसे क्षेत्रों में लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं। 22 नए उप-स्वास्थ्य केंद्रों का निर्माण ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।