एसईसीएल कर्मियों के लिए राहत: अस्पताल रेफरल प्रक्रिया हुई आसान, इंटक की पहल पर प्रबंधन का बड़ा फैसला

इलाज में होने वाली देरी होगी कम, गंभीर मरीजों को अब जल्द मिल सकेगा उच्च स्तरीय चिकित्सा का लाभ

कोरबा।साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) के कर्मचारियों और उनके परिजनों के लिए अस्पताल रेफरल की जटिल प्रक्रिया को सरल बना दिया गया है।

नई व्यवस्था लागू होने के बाद अब रेफरल के लिए पहले की तरह विभिन्न अधिकारियों के कई स्तरों पर हस्ताक्षर कराने की आवश्यकता नहीं होगी, जिससे गंभीर मरीजों को समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी।

इंटक ने दावा किया है कि इस मुद्दे को उसने लगातार प्रोजेक्ट स्तर, एरिया स्तर और अंततः एसईसीएल मुख्यालय की इंडस्ट्रियल रिलेशंस बैठक में उठाया। यूनियन के अनुसार, कर्मचारियों को रेफरल के लिए कई कार्यालयों और अधिकारियों के चक्कर लगाने पड़ते थे, जिससे इलाज में अनावश्यक देरी होती थी और कई बार मरीज की स्थिति गंभीर हो जाती थी।

इंटक पदाधिकारियों ने बताया कि विभागीय अस्पतालों से इम्पैनल्ड अस्पतालों में रेफरल की पुरानी प्रक्रिया अत्यधिक जटिल थी। इसी समस्या को प्रबंधन के समक्ष प्रमुखता से उठाया गया, जिसके बाद अधिकारियों ने कर्मचारियों की परेशानियों को गंभीरता से लेते हुए रेफरल प्रक्रिया को सरल बनाने का निर्णय लिया।

इंटक के केंद्रीय अध्यक्ष गोपाल नारायण सिंह, केंद्रीय महामंत्री प्रीतम नाथ पाठक तथा इंटक गेवरा अध्यक्ष डी.के. मिश्रा ने इसे कर्मचारियों की बड़ी जीत बताते हुए कहा कि नई व्यवस्था से गंभीर मरीजों को बिना अनावश्यक देरी के उच्च स्तरीय चिकित्सा संस्थानों में उपचार मिल सकेगा।

उन्होंने कहा कि इस फैसले से एसईसीएल कर्मियों और उनके परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी तथा आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं अधिक प्रभावी होंगी।