छत्तीसगढ़ में मौसम का रेड अलर्ट: कोरबा समेत 16 जिलों में अगले 3 घंटे भारी आंधी, बारिश और वज्रपात की चेतावनी

मौसम विभाग ने जारी की गंभीर चेतावनी, लोगों से सुरक्षित स्थानों पर रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील

रायपुर। छत्तीसगढ़ मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों के लिए अगले तीन घंटे को बेहद संवेदनशील बताते हुए गंभीर चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार कोरबा सहित 16 जिलों के अलग-अलग क्षेत्रों में तेज आंधी-तूफान, मध्यम से तेज बारिश और वज्रपात (बिजली गिरने) की प्रबल संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

मौसम विभाग के अनुसार बलौदाबाजार, बेमेतरा, बिलासपुर, दुर्ग,जांजगीर-चांपा,जशपुर,कबीरधाम, खैरागढ़- छुईखदान- गंडई,कोरबा,महासमुंद,मुंगेली,रायगढ़,रायपुर,सक्ती, सारंगढ़- बिलाईगढ़ और सरगुजा जिले इस चेतावनी के दायरे में हैं।

इन जिलों के अलग-अलग स्थानों पर तेज हवाओं के साथ बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।

मौसम विभाग ने नागरिकों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी है। लोगों को पेड़ों, बिजली के खंभों और खुले स्थानों से दूर रहने, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के प्लग निकालने तथा यात्रा के दौरान किसी सुरक्षित पक्के भवन या वाहन में ही रुकने की हिदायत दी गई है।

प्रशासन ने भी नागरिकों से मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लेने और किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन एवं आपदा प्रबंधन विभाग के निर्देशों का पालन करने की अपील की है। अगले कुछ घंटों तक मौसम के लगातार खराब बने रहने की संभावना को देखते हुए लोगों से विशेष सावधानी बरतने का आग्रह किया गया है।