कोरबा। कुसमुंडा फोरलेन मार्ग पर रविवार दोपहर तेज रफ्तार कार की लापरवाही से बड़ा हादसा होते-होते टल गया। गेवरा रोड रेलवे स्टेशन के सामने विकास नगर कॉलोनी के पास एक तेज रफ्तार सफेद डस्टर कार ने साइकिल सवार को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में साइकिल सवार की जान बाल-बाल बच गई, जबकि उसकी साइकिल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना के बाद कार चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार विकास नगर निवासी चंद्रमणि फोरलेन मार्ग पार कर रहे थे। डिवाइडर के बीच बने रास्ते से साइकिल निकालने के दौरान इमलीछापर की ओर से तेज गति से आ रही सफेद डस्टर कार ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि चंद्रमणि उछलकर सड़क किनारे डिवाइडर के पास जा गिरे, जबकि उनकी साइकिल कार के नीचे आ गई।
प्रत्यक्षदर्शी व्यापारियों के अनुसार कार की रफ्तार काफी तेज थी। साइकिल सवार को टक्कर मारने के बाद चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार सड़क से उतरकर किनारे लगे ट्रांसफार्मर के खंभे से टकराते-टकराते बची।
इसके बावजूद चालक ने किसी तरह वाहन संभाला और तेज रफ्तार से सर्वमंगला-कोरबा की दिशा में फरार हो गया।
बताया गया कि हादसे में कार का अगला हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे के तुरंत बाद आसपास के व्यापारी मौके पर पहुंचे और घायल साइकिल सवार को सड़क से उठाकर सुरक्षित स्थान पर बैठाया। घटना में उन्हें हल्की चोटें आईं, जबकि उनकी साइकिल बुरी तरह टूट गई। स्थानीय लोगों ने उन्हें अस्पताल ले जाने की सलाह दी, लेकिन उन्होंने प्राथमिक उपचार कराने से इनकार कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यदि टक्कर का असर थोड़ा और गंभीर होता तो यह हादसा जानलेवा साबित हो सकता था। लोगों ने तेज रफ्तार और लापरवाह वाहन चालकों पर सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए इस मार्ग पर नियमित यातायात निगरानी बढ़ाने की आवश्यकता जताई है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
