कोरबा। जिले के बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बलगीखार में एक 27 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सोमवार सुबह उसका शव घर के कमरे में पंखे से लटका मिला। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान दीपक कंवर (27 वर्ष) के रूप में हुई है, जो अविवाहित था और मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले वह दर्री क्षेत्र गया था, जहां कथित तौर पर नशे की हालत में उसकी बाइक कहीं गुम हो गई। काफी तलाश के बाद भी बाइक नहीं मिलने से वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगा था।
बताया जा रहा है कि रविवार देर रात दीपक नशे की हालत में घर लौटा। भोजन करने के बाद वह अपने कमरे में सोने चला गया।
सोमवार सुबह देर तक बाहर नहीं आने पर परिजनों ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।
खिड़की से देखने पर दीपक का शव पंखे से फंदे पर लटका मिला। घटना का पता चलते ही घर में चीख-पुकार मच गई और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
सूचना मिलने पर बांकीमोंगरा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतारा और पंचनामा कार्रवाई की।
पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। परिजनों और स्थानीय लोगों के बयान दर्ज किए गए हैं।
परिजनों के अनुसार, बाइक गुम होने के बाद से दीपक लगातार तनाव में था। वह बार-बार बाइक नहीं मिलने की चिंता जताता था और उसका व्यवहार भी चिड़चिड़ा हो गया था। प्रारंभिक तौर पर पुलिस आर्थिक परेशानी और बाइक गुम होने से उपजे मानसिक तनाव को घटना की संभावित वजह मानकर जांच कर रही है।
फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
