मालगाड़ी की चपेट में आने से अधेड़ की मौत

कोरबा। हरदीबाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत कसियाडीह के झांझ के समीप बुधवार को एक दर्दनाक रेल हादसे में 60 वर्षीय अधेड़ की मौत हो गई। एनटीपीसी सीपत के लिए दीपका से कोयला लेकर जा रही मालगाड़ी की चपेट में आने से अधेड़ ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

जानकारी के अनुसार ग्राम कसियाडीह निवासी फगुराम मरकाम (60 वर्ष) किसी निजी कार्य से हरदीबाजार आए थे। काम पूरा करने के बाद वह पैदल अपने गांव लौट रहे थे।

इसी दौरान झांझ के पास रेलवे लाइन पार करते समय वे कोयला लोड मालगाड़ी की चपेट में आ गए। हादसा इतना भीषण था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए और इसकी सूचना परिजनों तथा हरदीबाजार थाना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की। इसके बाद पोस्टमार्टम के लिए शव भेज दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।