आत्मानंद स्कूल में चोरी, चावल से लेकर थाली-चम्मच और गैस सिलेंडर तक ले उड़े चोर

मिड-डे मील कक्ष का ताला तोड़कर राशन-बर्तन समेटे, मुख्य भवन से नल-पाइप भी उखाड़े; पुलिस ने दर्ज किया मामला

कोरबा-कटघोरा। स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, कटघोरा में चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए मध्यान्ह भोजन (मिड-डे मील) से जुड़ा राशन, बर्तन और गैस सिलेंडर तक चोरी कर लिया। इतना ही नहीं, मुख्य भवन का ताला तोड़कर पानी के नल और पाइप फिटिंग भी उखाड़ ले गए। घटना के बाद स्कूल प्रबंधन में हड़कंप मच गया।

विद्यालय के प्राचार्य महेंद्र सिंह कंवर के अनुसार 18-19 जुलाई की दरम्यानी रात अज्ञात चोरों ने मध्यान्ह भोजन कक्ष का ताला तोड़कर चार कट्टी चावल, पांच किलो खाद्य तेल, मसाले, दो कड़ाही, दो कुकर, दो गंजा, 100 थालियां, 100 चम्मच और एक खाली गैस सिलेंडर चोरी कर लिया। इसके बाद मुख्य भवन में घुसकर पानी की पाइपलाइन और नलों की फिटिंग भी उखाड़ ले गए।

घटना से स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि चोर इत्मीनान से ताले तोड़कर सामान समेट ले गए, लेकिन किसी को भनक तक नहीं लगी।

प्राचार्य की लिखित शिकायत पर कटघोरा पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305(ए) एवं 331(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के संदिग्धों से पूछताछ के साथ अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

भीतर की अनियमितताओं पर भी उठे सवाल
घटना के बाद क्षेत्र में विद्यालय से जुड़े पुराने मामलों की भी चर्चा तेज हो गई है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि विद्यालय में लगाए गए 90 से अधिक सीसीटीवी कैमरे, महंगे टीवी और अन्य सामग्री की खरीदी को लेकर पहले भी सवाल उठते रहे हैं। कुछ लोगों ने डीएमएफ मद से हुई खरीदी में अनियमितताओं के आरोप भी लगाए हैं।

हालांकि, ये सभी आरोप शिकायतों के आधार पर हैं और इनकी आधिकारिक पुष्टि या जांच रिपोर्ट अभी सामने नहीं आई है। फिलहाल पुलिस चोरी की घटना की जांच में जुटी हुई है।