मां के साथ सो रही 6 वर्षीय मासूम को करैत ने डसा, इलाज के दौरान मौत

कोरबा। कटघोरा थाना क्षेत्र के ग्राम आमाखोखरा में एक दर्दनाक हादसे में करैत सांप के डसने से 6 वर्षीय बालिका की मौत हो गई। मां के साथ सो रही मासूम को रात में जहरीले सांप ने डस लिया। परिजन तत्काल उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उपचार के दौरान उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। पुलिस ने मर्ग कायम कर वैधानिक कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया।

जानकारी के अनुसार आमाखोखरा निवासी किशन सिंह कंवर सोमवार रात परिवार के साथ भोजन करने के बाद सो गए थे। उनकी पत्नी पंचकुंवर अपनी दो बेटियों सानवीं कंवर (6 वर्ष) और देवांशी (3 वर्ष) के साथ बिस्तर पर सोई थीं, जबकि किशन सिंह पास में खाट पर थे।

रात करीब डेढ़ बजे सानवीं अचानक रोते हुए उठ बैठी। बेटी की आवाज सुनकर परिजनों की नींद खुली। जब उन्होंने बिस्तर की ओर देखा तो करैत प्रजाति का जहरीला सांप रेंगता हुआ दिखाई दिया। जांच करने पर सानवीं की उंगली और कान के पीछे सर्पदंश के निशान मिले, जहां से रक्तस्राव भी हो रहा था।

घटना के तुरंत बाद परिजन बच्ची को बाइक से कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान मंगलवार सुबह करीब 7 बजे मासूम ने दम तोड़ दिया।

बारिश का मौसम शुरू होने के साथ ही जिले में सर्पदंश की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में हर दिन लोग जहरीले सांपों के संपर्क में आ रहे हैं।

स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन ने लोगों से बरसात के दौरान विशेष सतर्कता बरतने तथा सर्पदंश की स्थिति में झाड़-फूंक के बजाय तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचने की अपील की है।