कोरबा। कोरबा सबडिवीजन अंतर्गत प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत निर्मित बारपाली-गिरारी मुख्य मार्ग पर बड़ा खतरा मंडराने लगा है। सड़क का एक हिस्सा अंदर से पूरी तरह खोखला हो जाने के कारण बीच सड़क पर गहरा धंसाव हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई तो सड़क कभी भी पूरी तरह धंस सकती है और बड़ा हादसा हो सकता है।
बरपाली-गिरारी मार्ग क्षेत्र के कई गांवों को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है। प्रतिदिन इस सड़क से हजारों ग्रामीण, स्कूली छात्र-छात्राएं, किसान, मजदूर तथा छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। ऐसे में सड़क की जर्जर स्थिति लोगों के लिए गंभीर चिंता का विषय बन गई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार लगातार हो रही बारिश से सड़क के नीचे की मिट्टी और आधार परत कमजोर हो गई है, जिससे सड़क अंदर से खोखली होकर धंसने लगी है। बीच सड़क पर बने गहरे धंसाव के कारण भारी वाहनों के गुजरने से कभी भी सड़क का बड़ा हिस्सा बैठ सकता है।
ग्रामीणों का कहना है कि रात के समय यह स्थान और अधिक खतरनाक हो जाता है। पर्याप्त संकेतक या बैरिकेडिंग नहीं होने से वाहन चालकों को धंसे हुए हिस्से का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है।
क्षेत्रवासियों ने संबंधित विभाग से मांग की है कि क्षतिग्रस्त सड़क का तत्काल निरीक्षण कर मरम्मत कराई जाए। साथ ही, मरम्मत कार्य पूरा होने तक प्रभावित स्थल पर बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड और रिफ्लेक्टर लगाए जाएं, ताकि राहगीरों और वाहन चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी। फिलहाल सड़क पर बना धंसाव लोगों के लिए लगातार खतरे का कारण बना हुआ है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

