रीवा-बिलासपुर एक्सप्रेस में दुस्साहसिक लूट, महिला यात्री से 2.80 लाख का सामान छीना; बेटे पर पत्थर से हमला

कटनी आउटर पर आधी रात 4-5 बदमाशों ने वारदात को दिया अंजाम, जीआरपी ने दर्ज किया मामला

बिलासपुर/कटनी। रीवा-बिलासपुर एक्सप्रेस में आधी रात महिला यात्री से लाखों रुपये का सामान लूटने और विरोध करने पर उसके बेटे पर पत्थर से हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना कटनी रेलवे स्टेशन के आउटर पर हुई, जहां 4-5 अज्ञात बदमाश वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। जीआरपी बिलासपुर ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, बिलासपुर के मंगला स्थित शुभम विहार सनसिटी निवासी अल्पना मिश्रा (39) अपने दोनों बेटों ओम मिश्रा और सिद्धी विनायक मिश्रा के साथ 20 जुलाई की रात ट्रेन नंबर 12248 रीवा-बिलासपुर एक्सप्रेस के स्लीपर कोच एस-4 में यात्रा कर रही थीं। रात करीब एक बजे कटनी आउटर पर ट्रेन रुकने के दौरान 4-5 युवक कोच में घूम रहे थे।

महिला के अनुसार, उनका हैंडबैग बर्थ के पास रखा था। इसी दौरान एक युवक बैग उठाकर भागने लगा। विरोध करने पर बदमाशों ने जान से मारने की धमकी दी और साथियों के साथ बैग लेकर फरार हो गए।

पीछा करने पर बेटे पर हमला
मां की आवाज सुनकर बड़ा बेटा ओम मिश्रा और अन्य यात्री बदमाशों के पीछे दौड़े। आरोप है कि बदमाशों ने रेलवे ट्रैक से पत्थर उठाकर फेंकने शुरू कर दिए। एक पत्थर ओम मिश्रा की बाईं आंख पर लगा, जिससे वह घायल हो गया। इसके बाद उसने किसी तरह ट्रेन का दरवाजा बंद कर अपनी जान बचाई। घटना की सूचना तत्काल रेलवे हेल्पलाइन 139 पर दी गई।

बैग में था 2.80 लाख रुपये का सामान
पीड़िता ने बताया कि लुटेरों द्वारा छीने गए बैग में करीब 2.80 लाख रुपये मूल्य का सामान था। इसमें सोने का मंगलसूत्र, सोने का लॉकेट, 10 हजार रुपये नकद, वीवो मोबाइल फोन, बीएसएनएल सिम, एसबीआई एटीएम कार्ड, आधार कार्ड सहित अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे हुए थे।

जीआरपी बिलासपुर ने अज्ञात 4-5 आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 296, 309(4), 351(3) एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी है।

रेल यात्रियों की सुरक्षा पर फिर उठे सवाल
इस घटना ने लंबी दूरी की ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। लगातार बढ़ रही चोरी, झपटमारी और लूट की घटनाओं से यात्रियों में दहशत का माहौल है। यात्रियों ने रात के समय ट्रेनों में आरपीएफ और जीआरपी की गश्त बढ़ाने तथा सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत करने की मांग की है।