शुक्लाखार में स्वच्छता मिशन की समीक्षा, कचरा पृथक्करण और डोर-टू-डोर कलेक्शन पर दिया जोर
कटघोरा। राज्य स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की राज्य सलाहकार एवं बिलासपुर संभाग प्रभारी श्रीमती मोनिका सिंह ने गुरुवार को जनपद पंचायत कटघोरा अंतर्गत ग्राम पंचायत शुक्लाखार का निरीक्षण कर ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन (एसएलडब्ल्यूएम) कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन का जायजा लेते हुए ग्राम को स्वच्छ एवं कचरा मुक्त बनाने पर विशेष जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान श्रीमती सिंह ने स्वच्छग्राहियों एवं ग्रामीणों को सूखा, गीला, सेनेटरी तथा विशेष देखभाल/इलेक्ट्रॉनिक कचरे को अलग-अलग रखने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्रोत स्तर पर कचरा पृथक्करण और नियमित डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण स्वच्छ ग्राम की आधारशिला है।

उन्होंने घर-घर कचरा संग्रहण में लगे स्वच्छग्राही समूह के सदस्यों को नियमित कचरा संग्रहण, स्रोत पर पृथक्करण तथा स्वच्छता शुल्क के महत्व के संबंध में मार्गदर्शन दिया।
वहीं ग्राम के सरपंच एवं सचिव को ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने, निर्धारित स्थान पर ही कचरा निस्तारण सुनिश्चित कराने तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों को पहले समझाइश और आवश्यकता पड़ने पर नियमानुसार जुर्माना लगाने के निर्देश दिए।
राज्य सलाहकार ने ग्रामीणों से नियमित रूप से स्वच्छता शुल्क का भुगतान करने, चार प्रकार से कचरा पृथक रखने तथा ग्राम में निर्मित सामुदायिक शौचालय का नियमित उपयोग करने की अपील की।
निरीक्षण के दौरान जनपद सदस्य श्रवण कुमार तंवर, विधायक प्रतिनिधि मनोज दास, जनपद पंचायत कटघोरा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी यशपाल सिंह, जिला समन्वयक विमल धिरही, जिला सलाहकार दीप सरकार, ब्लॉक समन्वयक, बीपीएम एनआरएलएम अमरनाथ तारम, तकनीकी सहायक संगीता कंवर, सरपंच पंचरतन सिंह, पंचायत सचिव अनिता कंवर, ग्राम रोजगार सहायक, पंचगण, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, बिहान समूह की महिलाएं, स्वच्छग्राही एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

