बुधवारी बाईपास पर जुए के फड़ पर पुलिस की दबिश, 8 जुआरी गिरफ्तार; ₹18,800 नकद और ताश की गड्डियां जब्त

वाहन स्टैंड की आड़ में चल रहा था जुए का अड्डा, सभी आरोपी निकले वाहन चालक; शराबखोरी के भी मिले संकेत

कोरबा। मानिकपुर चौकी पुलिस ने अवैध जुआ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बुधवारी बाईपास मार्ग स्थित एक वाहन स्टैंड पर चल रहे जुए के फड़ का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से आठ जुआरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 18,800 रुपये नकद, ताश की गड्डियां, मोबाइल फोन और अन्य जुआ सामग्री जब्त की है।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि वाहन स्टैंड की आड़ में खुलेआम जुआ खेला जा रहा है। सूचना पर गुरुवार को पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दबिश दी और ताश के पत्तों से जुआ खेल रहे आठ लोगों को पकड़ लिया। इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

पूछताछ में सभी आरोपियों ने खुद को पेशे से वाहन चालक बताया। पुलिस के अनुसार ये लोग खाली समय में यहां इकट्ठा होकर जुआ खेलते थे। मौके से 18,800 रुपये नकद, कई मोबाइल फोन और जुए में इस्तेमाल होने वाली सामग्री जब्त की गई।

छापेमारी के दौरान वाहन स्टैंड के आसपास शराब की खाली बोतलें और डिस्पोजल गिलास भी मिले, जिससे जुए के साथ शराबखोरी की भी आशंका जताई जा रही है।

गिरफ्तार आरोपियों में जलील आलम (34), रहीम (26), साहिल अली (31), आनंद विश्वकर्मा (34), गजेंद्र साहू (38), अमीक अहमद (48), मोहम्मद आलम (32) और साबिर (35) शामिल हैं।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर बुधवारी बाईपास स्थित वाहन स्टैंड में दबिश देकर आठ जुआरियों को गिरफ्तार किया गया है।

सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।