बालको की 24×7 सुरक्षा की कमान अब महिलाओं के हाथ,‘शी-एस ओसी’ बना महिला सशक्तिकरण की मिसाल

बालकोनगर।बालको ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक और उल्लेखनीय पहल करते हुए अपने सेंट्रल सिक्योरिटी ऑपरेशन सेंटर (CSOC) की कमान पूरी तरह महिला कर्मचारियों को सौंप दी है। अब यह केंद्र ‘शी-एसओसी’ (Security Harmony and Excellence) के रूप में संचालित हो रहा है, जहां महिलाएं 24 घंटे और सप्ताह के सातों दिन संयंत्र की सुरक्षा व्यवस्था का संचालन कर रही हैं।

बालको का सीएसओसी कंपनी की सुरक्षा व्यवस्था का प्रमुख नियंत्रण केंद्र है। यहां से संयंत्र परिसर में लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की निगरानी, सुरक्षा अलर्ट का विश्लेषण, आपातकालीन स्थितियों में त्वरित समन्वय, सुरक्षा टीमों को आवश्यक निर्देश तथा महत्वपूर्ण सुरक्षा निर्णय लिए जाते हैं। इन सभी जिम्मेदारियों का सफल संचालन अब महिला टीम कर रही है।

बालको प्रबंधन के अनुसार, आधुनिक औद्योगिक सुरक्षा केवल शारीरिक क्षमता पर निर्भर नहीं है, बल्कि तकनीकी दक्षता, सतर्कता, तार्किक सोच, संवाद कौशल और त्वरित निर्णय लेने की क्षमता पर आधारित है। महिलाओं की भागीदारी इन सभी पहलुओं को और मजबूत बना रही है।

शी-एसओसी की प्रभारी वर्षा द्विवेदी ने कहा कि बालको ने उन्हें सुरक्षा संचालन का नेतृत्व करने का अवसर और विश्वास दिया है। आधुनिक तकनीकों और नियमित प्रशिक्षण से उनका आत्मविश्वास बढ़ा है और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में निर्णय लेने की क्षमता भी मजबूत हुई है।

रेखा श्रीवास्तव ने कहा कि सुरक्षा केवल शारीरिक शक्ति का विषय नहीं है। इसमें सतर्कता, अनुशासन, ईमानदारी और सही समय पर सही निर्णय लेने की क्षमता सबसे अधिक महत्वपूर्ण होती है। महिलाओं ने अपनी योग्यता और समर्पण से यह साबित किया है कि वे किसी भी जिम्मेदारी को सफलतापूर्वक निभा सकती हैं।

वहीं पूजा टंडन ने कहा कि सुरक्षा क्षेत्र में हर दिन नई चुनौतियां सीखने का अवसर देती हैं। किसी आपात स्थिति में समय पर लिया गया सही निर्णय जब बड़े जोखिम को टाल देता है, तब अपने कार्य की वास्तविक सार्थकता का एहसास होता है।

बालको का ‘शी-एसओसी’ महिलाओं की क्षमता, नेतृत्व और तकनीकी दक्षता का सशक्त उदाहरण बनकर उभरा है। यह पहल न केवल महिला सशक्तिकरण को नई दिशा दे रही है, बल्कि यह भी साबित कर रही है कि समान अवसर, प्रशिक्षण और विश्वास मिलने पर महिलाएं औद्योगिक सुरक्षा जैसे चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में भी उत्कृष्ट नेतृत्व प्रदान कर सकती हैं।