उरगा-हाटी मार्ग पर दर्दनाक हादसा: दो युवकों की मौत

कोरबा। करतला थाना क्षेत्र अंतर्गत कुदमुरा-कोसाबाड़ी के पास उरगा-हाटी मुख्य मार्ग पर गुरुवार को हुए भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उनकी बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान राहुल टोप्पो और पोलेश कंवर, निवासी चचिया दर्रीपार के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि दोनों किसी काम से हाटी की ओर गए थे। लौटने के दौरान कुदमुरा-कोसाबाड़ी के निकट उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही करतला पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

रथ यात्रा की खुशियों के बीच छाया मातम
दुर्घटना की खबर ऐसे समय आई, जब चचिया गांव में भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा को लेकर उत्सव का माहौल था। गांव में रथ यात्रा की तैयारियां जोरों पर थीं और श्रद्धालु आयोजन में जुटे हुए थे। लेकिन दो युवकों की असमय मौत की सूचना मिलते ही पूरे गांव की खुशियां मातम में बदल गईं। जहां कुछ देर पहले उत्सव की तैयारियां चल रही थीं, वहीं हादसे की खबर से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।