मुखर्जी नगर में 150 परिवारों का गृह प्रवेश, डिप्टी सीएम अरुण साव ने सौंपी पीएम आवास की चाबियां

कोरबा। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत दादरखुर्द स्थित पंडित श्यामा प्रसाद मुखर्जी नगर में निर्मित आवासों में गुरुवार को 150 हितग्राहियों का गृह प्रवेश कराया गया। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं कोरबा जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव ने हितग्राहियों को नए घरों की चाबियां सौंपकर उनके सपनों को साकार किया। अपना आशियाना मिलने की खुशी लाभार्थियों के चेहरों पर साफ दिखाई दी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से आवासहीन और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को पक्का घर उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में इस योजना का प्रभावी क्रियान्वयन हो रहा है, जिससे हजारों परिवारों के जीवन में नई उम्मीद और खुशियां आई हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार केवल मकान ही नहीं, बल्कि लोगों को सम्मानजनक जीवन देने का काम कर रही है। अपना घर मिलने से लोगों की भविष्य की चिंता कम हुई है और वे सुरक्षित जीवन की ओर बढ़ रहे हैं।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने 73 करोड़ रुपये की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण भी किया। साथ ही ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम में उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के सहयोग से कोरबा में विकास कार्यों को नई गति मिली है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार शहर और जिले की मूलभूत एवं सामुदायिक आवश्यकताओं को प्राथमिकता देते हुए लगातार विकास कार्य करा रही है।

इस अवसर पर महापौर संजू देवी राजपूत,भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह,भाजपा महामंत्री अजय विश्वकर्मा,संजय शर्मा, कोषाध्यक्ष अजय पांडेय, पूर्व महापौर जोगेश लांबा, सभापति नूतन सिंह, एमआईसी सदस्य ममता यादव, पार्षद सुनीता चौहान, धनकुमारी गर्ग, हितानंद अग्रवाल, नरेंद्र देवांगन सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, हितग्राही एवं उनके परिजन उपस्थित रहे।