घंटाघर चौक पर 25 फीट ऊंचे स्तंभ पर लहराया तिरंगा, उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने किया लोकार्पण

कोरबा। कोरबा शहर के घंटाघर चौक पर गुरुवार को 25 फीट ऊंचे स्तंभ पर स्थापित विशाल राष्ट्रीय ध्वज का लोकार्पण उपमुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव ने किया। इस दौरान उन्होंने विधिवत तिरंगे का ध्वजारोहण कर राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है।

इस विशाल ध्वज के माध्यम से नागरिकों में राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति की भावना और अधिक मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि यह स्थल आने वाले समय में कोरबा की नई पहचान बनेगा।

लोकार्पण के बाद बड़ी संख्या में लोग घंटाघर चौक पहुंचे और विशाल तिरंगे के साथ तस्वीरें एवं सेल्फी लीं। युवाओं और नागरिकों ने सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा कर इस पहल का स्वागत किया। पहले ही दिन यह स्थान लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बन गया।

शहरवासियों का मानना है कि घंटाघर चौक पर स्थापित यह विशाल तिरंगा न केवल राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करेगा, बल्कि कोरबा के प्रमुख दर्शनीय स्थलों में भी अपनी पहचान बनाएगा।