राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में आकाश सराफ प्रथम, टीम इवेंट में कोरबा को कांस्य पदक
कोरबा।भारतीय राइफल संघ के तत्वावधान में छत्तीसगढ़ प्रदेश राइफल एसोसिएशन द्वारा राजधानी रायपुर में आयोजित 25वीं राज्य स्तरीय शूटिंग प्रतियोगिता में कोरबा जिले के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्री-नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई किया है।
कोरबा जिले के खिलाड़ी एवं टीम कोच आकाश सराफ ने 50 मीटर थ्री पोजीशन राइफल शूटिंग (मेंस) स्पर्धा में 523 अंक अर्जित कर प्रथम स्थान हासिल किया। इस शानदार प्रदर्शन के साथ उन्होंने प्री-नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप में अपना स्थान सुनिश्चित किया।
प्रतियोगिता में जांजगीर जिले के यश पीटर आसना ने 50 मीटर राइफल प्रोन पोजीशन स्पर्धा में कांस्य पदक जीता। वहीं 50 मीटर पीप साइट राइफल शूटिंग स्पर्धा में आकाश सराफ, अक्षय कुमार एंथोनी, कोविद कुमार निर्मलकर, जॉय जोएल लाल और यश आसना ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्री-नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई किया।
टीम इवेंट में भी कोरबा के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। अक्षय कुमार एंथोनी, जॉय जोएल लाल और कोविद कुमार निर्मलकर की टीम ने बेहतरीन निशानेबाजी का प्रदर्शन करते हुए तीसरा स्थान प्राप्त किया और कांस्य पदक अपने नाम किया।
कोरबा के निशानेबाजों की इस उपलब्धि पर खेल प्रेमियों और जिलेवासियों ने खुशी जताई है। खिलाड़ियों की सफलता को जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

