‘युवा की उड़ान, नशा मुक्त भारत का निर्माण’ थीम पर 27 जुलाई को होगी जिला स्तरीय सांस्कृतिक प्रतियोगिता

कोरबा। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के निर्देशानुसार नशामुक्त भारत अभियान के तहत 27 जुलाई को अग्रसेन कन्या महाविद्यालय, कोरबा में जिला स्तरीय सांस्कृतिक प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। ‘युवा की उड़ान, नशा मुक्त भारत का निर्माण’ थीम पर आधारित यह प्रतियोगिता सुबह 10 बजे से शुरू होगी।

जिला नोडल अधिकारी सतीश प्रकाश सिंह ने बताया कि जिले के सभी शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों, हाई स्कूल, हायर सेकेंडरी स्कूलों और अन्य उच्च शिक्षण संस्थानों में 22 से 25 जुलाई तक विभिन्न सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इनमें चयनित प्रतिभागी 27 जुलाई को जिला स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे।

प्रतियोगिता में नृत्य, वाद-विवाद, नारा लेखन, चित्रकला, संगीत, रैप सॉन्ग, नुक्कड़ नाटक, कविता गायन, रील मेकिंग और लघु फिल्म निर्माण जैसी विभिन्न विधाओं को शामिल किया गया है। जिला स्तर पर चयनित विजेता प्रतिभागी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में कोरबा जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।

कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए डॉ. बी.एल. साय, जिला युवा अधिकारी ईशा गौतम, डॉ. अर्चना दीवान, डॉ. मधु कंवर, डॉ. किरण बाजपेयी, डॉ. वर्षा सिंह तंवर एवं डॉ. सुशीला कुजूर को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा कला और संस्कृति के माध्यम से समाज में नशामुक्त भारत का संदेश प्रसारित करना है।