लोकतंत्र के चौथे स्तंभ को और सशक्त बनाएं पत्रकार :  अरुण साव

कोरबा प्रेस क्लब की नई कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण संपन्न

कोरबा। कोरबा प्रेस क्लब की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह गुरुवार को गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं कोरबा जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव ने मुख्य अतिथि के रूप में पदाधिकारियों को शपथ दिलाई और सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।

अपने संबोधन में उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ हैं और निष्पक्ष, जिम्मेदार तथा तथ्यपरक पत्रकारिता के माध्यम से लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है।

उन्होंने कहा कि नई तकनीक और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के दौर में पत्रकारिता का स्वरूप तेजी से बदल रहा है। ऐसे समय में वरिष्ठ और युवा पत्रकारों के अनुभव एवं ऊर्जा का समन्वय पत्रकारिता को नई दिशा देगा।

प्रेस क्लब की मांग पर उप मुख्यमंत्री ने क्लब के विकास के लिए 20 लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा करते हुए कहा कि इसके लिए प्रस्ताव प्रस्तुत किया जाए।

कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि पत्रकार हमेशा निर्भीक होकर अपने दायित्वों का निर्वहन करते रहे हैं। शासन की योजनाओं और जनसरोकारों को आम जनता तक पहुंचाने में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

इस अवसर पर महापौर संजू देवी राजपूत, पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल, कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, रामपुर विधायक फूल सिंह राठिया, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह कंवर, नगर निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं जिले के पत्रकार बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। समारोह में नई कार्यकारिणी का स्वागत किया गया और पत्रकारिता के मूल्यों को मजबूत करने का संकल्प दोहराया गया।