कोरबा। केंद्रीय रेशम बोर्ड के ‘मेरा रेशम, मेरा अभिमान 2.0’ अभियान के तहत गुरुवार को सहायक संचालक रेशम कार्यालय, कोरबा में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान का उद्देश्य रेशमकीट पालन में आधुनिक तकनीकों को बढ़ावा देकर किसानों की आय बढ़ाना और जिले को रेशम उत्पादन के क्षेत्र में अग्रणी बनाना है।
कार्यक्रम में सहायक संचालक रेशम बलभद्र सिंह भण्डारी, वैज्ञानिक-डी डॉ. विनोद सिंह, जिले के विभिन्न रेशम केंद्रों के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में रेशमकीट पालकों ने भाग लिया।
वैज्ञानिक-डी डॉ. विनोद सिंह ने स्वागत उद्बोधन देते हुए केंद्रीय रेशम बोर्ड के इस अभियान के दूसरे चरण की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आगामी 100 दिनों में जिलेभर में जागरूकता अभियान, प्रशिक्षण शिविर, परिक्षेत्र भ्रमण और तकनीकी मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि नई तकनीकों का लाभ सीधे किसानों तक पहुंच सके।
उन्होंने बताया कि जिले के लिए आगामी पांच वर्षों की कार्ययोजना भी तैयार की जाएगी, जिससे कोरबा को देश के प्रमुख रेशम उत्पादन जिलों में शामिल किया जा सके।
सहायक संचालक बालभद्र सिंह भण्डारी ने सभी केंद्र प्रभारियों से अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने और अधिक से अधिक रेशमकीट पालकों को इससे जोड़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में करतला रेशम केंद्र के प्रभारी टी.पी. हंस ने केंद्रीय रेशम बोर्ड द्वारा कोरबा जिले में इस अभियान के आयोजन के लिए आभार व्यक्त किया।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

