एसईसीएल दीपका क्षेत्र ने एक दिन में लगाए 30 हजार पौधे, कटबिटला में 20 हजार पौधारोपण का दावा

कोरबा।साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) के दीपका क्षेत्र ने कोल इंडिया लिमिटेड के राष्ट्रव्यापी गिनीज़ वर्ल्ड रिकॉर्ड अभियान के तहत एक ही दिन में 30 हजार पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा कदम उठाने का दावा किया है। यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से चलाए जा रहे ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत आयोजित किया गया।

कोल इंडिया लिमिटेड को देशभर में एक दिन में 14 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य मिला था, जिसमें एसईसीएल को 3 लाख पौधारोपण की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसी क्रम में दीपका क्षेत्र को 30 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य दिया गया, जिसे 21 जुलाई को पूरा किया गया।

दीपका ओपन कास्ट परियोजना के ओवरबर्डन (ओबी) डंप क्षेत्र में 10 हजार पौधे लगाए गए, जबकि कोरबा जिले के उरगा स्थित कटबिटला गांव में 20 हजार पौधों का रोपण किया गया। अभियान में एसईसीएल अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपने परिवारों के साथ भागीदारी निभाई।

इसके अलावा केसीसी के अधिकारी-कर्मचारी, स्कूली छात्र-छात्राएं तथा आसपास के गांवों के 125 पुरुष और 118 महिला श्रमिक भी अभियान का हिस्सा बने।

दीपका क्षेत्र के क्षेत्रीय महाप्रबंधक अशोक कुमार के नेतृत्व में विभागाध्यक्षों और परियोजना के अधिकारियों ने पौधारोपण अभियान में सक्रिय भूमिका निभाई।

अधिकारियों ने कहा कि पौधारोपण केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी निभाने का प्रभावी माध्यम है।

अभियान को सफल बनाने में छत्तीसगढ़ राज्य वन विकास निगम लिमिटेड का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा। निगम ने पौधों की उपलब्धता सहित आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर अभियान को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई।

एसईसीएल प्रबंधन ने विश्वास जताया कि इस तरह के प्रयास पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ जनभागीदारी को भी मजबूत करेंगे।