कोरबा।दिल्ली में संसद मार्च के दौरान छात्रों पर हुए पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में जिला युवा कांग्रेस, एनएसयूआई और जिला कांग्रेस कमेटी ने मंगलवार को कोरबा के सुभाष चौक में जोरदार प्रदर्शन किया। पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन कर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि देशभर के छात्र पिछले कई दिनों से शांतिपूर्ण ढंग से अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे थे। उन्होंने कहा कि छात्रों ने पहले ही संसद मार्च की घोषणा कर दी थी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग भी उठाई थी, लेकिन उनकी बात सुनने के बजाय उन पर लाठीचार्ज किया गया, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है।
नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने कहा कि लोकतंत्र में हर नागरिक को अपनी बात रखने का अधिकार है। जंतर-मंतर की घटना दुर्भाग्यपूर्ण है और इसमें घायल हुए युवाओं के साथ न्याय होना चाहिए।
जिला युवा कांग्रेस (शहर) अध्यक्ष राकेश पंकज ने कहा कि अपने भविष्य की सुरक्षा के लिए आवाज उठाने वाले छात्रों के साथ अपराधियों जैसा व्यवहार किया गया। वहीं युवा कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष विकास सिंह ने आरोप लगाया कि प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार हो रही अनियमितताओं से देश का युवा निराश है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश कुमार राठौर ने शिक्षा व्यवस्था को अव्यवस्थित बताते हुए सरकार पर निशाना साधा, जबकि ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष मनोज चौहान ने कहा कि लोकतंत्र में संवाद होना चाहिए, लाठीचार्ज नहीं।
प्रदर्शन में नारायण कुर्रे, मोहम्मद शाहिद, राजेन्द्र तिवारी, पालूराम साहू, कृपाराम साहू, रोपा तिर्की, अर्चना उपाध्याय, रवि चंदेल सहित कांग्रेस, युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

