आरक्षक से झूमाझटकी के आरोप में युवक गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया

‘कटघोरा के राजा’ की शोभायात्रा के दौरान विवाद का मामला, पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा सहित संबंधित धाराओं में की कार्रवाई

कोरबा।कटघोरा में ‘कटघोरा के राजा’ की शोभायात्रा के दौरान एक युवक द्वारा ड्यूटी पर तैनात आरक्षक से कथित तौर पर विवाद और झूमाझटकी किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ मामला दर्ज किया और न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, शोभायात्रा के दौरान वार्ड क्रमांक 3 निवासी पदुम पाटिल पर हंगामा करने का आरोप है। ड्यूटी पर तैनात आरक्षक ने उसे समझाइश दी, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद होने की बात सामने आई। पुलिस का आरोप है कि युवक ने आरक्षक की वर्दी का कॉलर पकड़ लिया और झूमाझटकी की। मौके पर मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों और लोगों ने बीच-बचाव कर स्थिति को संभाला।

घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर प्रसारित होने की बात सामने आई है। इसके बाद पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर आवश्यक कार्रवाई की। पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा डालने सहित अन्य संबंधित प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया है।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने कहा कि सार्वजनिक आयोजनों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। नियमों का उल्लंघन करने अथवा ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के साथ कथित अभद्र व्यवहार करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।