बिजली बंद कर जितेंद्र सारथी की टीम ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद किया सुरक्षित रेस्क्यू, प्राकृतिक आवास में छोड़ा
कोरबा। जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सतरेगा स्थित एक रिसॉर्ट में उस समय हड़कंप मच गया, जब विद्युत मीटर बोर्ड के पीछे करीब 8 फीट लंबा किंग कोबरा छिपा मिला। सांप दिखाई देने की सूचना मिलते ही रिसॉर्ट प्रबंधन ने तत्काल वन विभाग और नोवा नेचर संस्था के सदस्य जितेंद्र सारथी को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची।
रेस्क्यू की संवेदनशीलता को देखते हुए जितेंद्र सारथी ने इसकी जानकारी कोरबा वनमंडलाधिकारी जितेंद्र उपाध्याय को दी। उनके निर्देश पर उपवनमंडलाधिकारी रामसिंह राठिया के मार्गदर्शन तथा बालको रेंजर जयंत सरकार के नेतृत्व में जितेंद्र सारथी और सिद्धांत जैन सतरेगा पहुंचे। टीम ने सबसे पहले विद्युत विभाग को सूचना देकर संबंधित लाइन की बिजली बंद कराई। इसके बाद सुरक्षा उपायों के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।
संकरी जगह में छिपा था किंग कोबरा
किंग कोबरा इलेक्ट्रिक सर्किट बोर्ड के पीछे बेहद संकरी जगह में छिपा हुआ था। ऐसे में उसे बिना नुकसान पहुंचाए बाहर निकालना रेस्क्यू टीम के लिए चुनौतीपूर्ण रहा। करीब एक घंटे की सावधानीपूर्वक मशक्कत के बाद टीम ने लगभग 8 फीट लंबे किंग कोबरा को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
सांप के रेस्क्यू की जानकारी मिलते ही रिसॉर्ट के कर्मचारी और पर्यटक मौके पर जुटने लगे। लंबे और फुर्तीले किंग कोबरा को देखकर लोगों में कौतूहल रहा और कई लोग मोबाइल फोन से वीडियो बनाने लगे। हालांकि रेस्क्यू टीम ने लोगों को सुरक्षित दूरी पर रखा और पूरे ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा।
प्राकृतिक आवास में छोड़ा गया
सफल रेस्क्यू के बाद नियमानुसार पंचनामा की कार्रवाई की गई। इसके बाद किंग कोबरा को उसके अनुकूल प्राकृतिक आवास में सुरक्षित छोड़ दिया गया।
छोटे किंग कोबरा मिलने की घटनाएं भी सामने आईं
लेमरू, बालको, पसरखेत, करतला, कुदमुरा और आसपास के वन क्षेत्रों में पिछले कुछ समय में छोटे आकार के किंग कोबरा मिलने की घटनाएं भी सामने आई हैं। वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार, अलग-अलग स्थानों पर छोटे किंग कोबरा का मिलना इन क्षेत्रों में उनके अनुकूल प्राकृतिक आवास और संभावित प्रजनन की ओर संकेत कर सकता है।
हालांकि किंग कोबरा की वास्तविक संख्या और आबादी की स्थिति का आकलन वैज्ञानिक अध्ययन के बाद ही किया जा सकता है।
इस घटना का सकारात्मक पहलू यह रहा कि किंग कोबरा दिखाई देने के बाद लोगों ने उसे नुकसान पहुंचाने के बजाय वन विभाग और प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम को सूचना दी। समय पर सूचना मिलने से सांप को सुरक्षित रेस्क्यू कर प्राकृतिक आवास में छोड़ा जा सका।
वन विभाग और नोवा नेचर ने लोगों से अपील की है कि किंग कोबरा या किसी भी प्रकार का सांप दिखाई देने पर उससे सुरक्षित दूरी बनाए रखें। उसे पकड़ने, छेड़ने या मारने का प्रयास न करें तथा तत्काल वन विभाग अथवा प्रशिक्षित स्नेक रेस्क्यू टीम को सूचना दें।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















