पोड़ीबहार नाला निर्माण की गुणवत्ता परखी जाएगी, कोर कटिंग के निर्देश; धीमे और लंबित कार्यों में तेजी लाने को कहा
कोरबा। नगर निगम क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति को लेकर महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने कोसाबाड़ी जोन के विभिन्न वार्डों में निर्माणाधीन कार्यों का निरीक्षण कर मौके पर कार्यों की वास्तविक स्थिति देखी और संबंधित अधिकारियों से प्रगति, गुणवत्ता तथा तकनीकी मानकों की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनियमितता, घटिया निर्माण अथवा अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने पोड़ीबहार नाला निर्माण कार्य की गुणवत्ता का परीक्षण कराने तथा आवश्यकतानुसार कोर कटिंग कराकर निर्माण की गुणवत्ता की जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


महापौर ने कहा कि निर्माण कार्यों में स्वीकृत ड्राइंग-डिजाइन, प्राक्कलन, निर्धारित तकनीकी मापदंड और गुणवत्ता मानकों का अनिवार्य रूप से पालन होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को नियमित रूप से निर्माण स्थलों का निरीक्षण करने तथा कार्य की प्रत्येक महत्वपूर्ण अवस्था में गुणवत्ता की निगरानी करने के निर्देश दिए।
अधूरे कामों को लेकर भी जताई नाराजगी
महापौर ने लंबित विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि फाइलों में विकास और जमीन पर अधूरे काम अब स्वीकार नहीं किए जाएंगे। स्वीकृत कार्यों को अनावश्यक रूप से लंबित रखने के बजाय निर्धारित प्रक्रिया पूरी कर तत्काल शुरू कराया जाए। धीमी गति से चल रहे कार्यों में तेजी लाते हुए उन्हें निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने ठेकेदारों को चेतावनी देते हुए कहा कि निर्माण कार्य लेना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसे निर्धारित गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा करना भी अनिवार्य है। निरीक्षण में यदि कोई निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाया जाता है तो संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही भी तय की जाएगी।
महापौर ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य केवल विकास कार्यों की संख्या बढ़ाना नहीं, बल्कि गुणवत्तापूर्ण, टिकाऊ और जनता के लिए उपयोगी विकास सुनिश्चित करना है।
प्रत्येक वार्ड में चल रहे कार्यों की नियमित निगरानी की जाएगी और अनियमितता सामने आने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान जोन कमिश्नर एन.के. नाथ, सहायक अभियंता पीयूष राजपूत,उप अभियंता अश्वनी दास सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी और वार्डवासी उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















