जिला अध्यक्ष विद्वान सिंह मरकाम बोले शिकायत की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर हो कानूनी कार्रवाई
कोरबा। गोंडवाना गणतंत्र पार्टी (गोंगपा) के युवा मोर्चा के प्रदेश सचिव एवं विधि छात्र मनोज कुमार मरावी को कथित तौर पर जान से मारने की धमकी दिए जाने के मामले में पार्टी ने नाराजगी जताई है।
गोंगपा के कोरबा जिला अध्यक्ष विद्वान सिंह मरकाम ने पुलिस प्रशासन से शिकायत की निष्पक्ष जांच कर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध कानून के अनुसार कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि समय रहते उचित कार्रवाई नहीं होने पर पार्टी आंदोलन करेगी और जरूरत पड़ने पर संबंधित थाने का घेराव भी किया जाएगा।
विद्वान सिंह मरकाम ने कहा कि किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने या किसी अन्य व्यक्ति को जान से मारने की धमकी देकर भय का माहौल बनाने का अधिकार नहीं है।
उन्होंने पुलिस से मामले को गंभीरता से लेते हुए उपलब्ध शिकायत, साक्ष्यों और संबंधित तथ्यों के आधार पर जांच करने की मांग की।
आरोपी से पूछताछ और वैधानिक कार्रवाई की मांग
गोंगपा जिला अध्यक्ष ने मामले में अभिषेक उर्फ पिंकू माहेश्वरी की भूमिका की जांच करने तथा आवश्यकतानुसार उससे पूछताछ और अन्य वैधानिक कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि जांच निष्पक्ष तरीके से होनी चाहिए और यदि आरोप प्रमाणित होते हैं, तो संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध कानून के अनुसार कार्रवाई की जाए।
कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी
मरकाम ने कहा कि पार्टी इस मामले में न्यायपूर्ण कार्रवाई चाहती है। यदि पुलिस प्रशासन शिकायत पर समय रहते उचित कदम नहीं उठाता है, तो गोंडवाना गणतंत्र पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करेगी। जरूरत पड़ने पर कार्यकर्ता संबंधित थाने का घेराव करेंगे और आगे की रणनीति तय की जाएगी।
उन्होंने कहा कि धमकी से जुड़े मामलों में निष्पक्ष जांच और कानूनसम्मत कार्रवाई जरूरी है,ताकि लोगों का कानून- व्यवस्था पर भरोसा बना रहे। पार्टी ने पुलिस प्रशासन से मामले की गंभीरता को देखते हुए समय पर कार्रवाई करने की अपील की है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















