राष्ट्रीय तीरंदाजी में गीतेश और युवराज ने जीता कांस्य,हुआ स्वागत

कोरबा। राष्ट्रीय स्तर की तीरंदाजी प्रतियोगिता में कोरबा के खिलाड़ियों गीतेश यादव और युवराज यादव ने कांस्य पदक जीतकर जिले का गौरव बढ़ाया है। राजस्थान की राजधानी जयपुर में आयोजित 46वीं आर्चरी रिकर्व जूनियर नेशनल प्रतियोगिता के टीम इवेंट में दोनों खिलाड़ियों ने यह उपलब्धि हासिल की। कोरबा लौटने पर रेलवे स्टेशन के मुख्य द्वार पर यादव समाज, आर्चरी संघ के पदाधिकारियों, परिजनों और खेलप्रेमियों ने उनका स्वागत किया।

खिलाड़ियों की उपलब्धि पर आयोजित स्वागत समारोह में उपस्थित लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतना कोरबा जिले और खिलाड़ियों के लिए गौरव की बात है।

कोच ने की खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना
कोरबा तीरंदाजी अकादमी के कोच भरत कुमार यादव और भानु यादव ने दोनों खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि अकादमी के खिलाड़ी नियमित अभ्यास और अनुशासित प्रशिक्षण के जरिए राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। इस अवसर पर गीतेश यादव और युवराज यादव ने प्रतियोगिता से जुड़े अपने अनुभव भी साझा किए।

स्वागत समारोह में छत्तीसगढ़ झेरिया यादव समाज, कोरबा के जिलाध्यक्ष रिखीराम यादव, सुशीला यादव, उमेद यादव, किशन यादव, तोखराम यादव, चालक महासंघ के जिलाध्यक्ष नीलकंठ यादव, कौशिल्या यादव, सर्व यादव समाज कोरबा के जिलाध्यक्ष चन्द्रमणि यादव, राजू यादव, पीला दाऊ यादव, पवन यादव और भूपेन्द्र यादव सहित समाज के अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। आर्चरी संघ से सेद कुमार यादव भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

सभी ने खिलाड़ियों की सफलता को जिले के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए उम्मीद जताई कि दोनों तीरंदाज आगे भी अपने प्रदर्शन से कोरबा का नाम रोशन करेंगे।