विंद्या ज्योति योजना के तहत अजा-अजजा वर्ग की छात्राओं को मिला आर्थिक सहयोग, शिक्षा के लिए आगे बढ़ने का प्रोत्साहन
कोरबा।शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कन्या साडा की अजा एवं अजजा वर्ग की पात्र मेधावी छात्राओं को कैनरा बैंक की ट्रांसपोर्ट नगर कोरबा शाखा द्वारा विंद्या ज्योति छात्रवृत्ति योजना के तहत छात्रवृत्ति प्रदान की गई। योजना का उद्देश्य जरूरतमंद छात्राओं को आर्थिक सहयोग देकर उनकी शिक्षा को आगे बढ़ने में मदद करना है।
योजना के तहत विद्यालय की छह छात्राओं के बैंक खातों में कुल 24 हजार रुपये की छात्रवृत्ति राशि अंतरित की गई। कक्षा पांचवीं की अंशु लुहिया, छठवीं की तनुषी सागर और सातवीं की साधना बघेल को 3-3 हजार रुपये प्रदान किए गए। वहीं कक्षा आठवीं की अदिति कुर्रे, नौवीं की दिव्या खूंटे और दसवीं की पलक सिदार को 5-5 हजार रुपये की छात्रवृत्ति मिली।
विद्यालय के प्राचार्य रणधीर सिंह ने कैनरा बैंक की ट्रांसपोर्ट नगर शाखा के प्रति आभार जताते हुए कहा कि बैंक का यह प्रयास जरूरतमंद एवं प्रतिभावान छात्राओं को अपनी पढ़ाई जारी रखने में प्रोत्साहित करेगा।
कैनरा बैंक के चीफ ब्रांच मैनेजर परमेश्वर बेहरा ने छात्रवृत्ति प्राप्त करने वाली छात्राओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि शिक्षित बालिका अपने परिवार के साथ समाज और राष्ट्र के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने छात्राओं को परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने बैंक के अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















