ताला तोड़कर लाखों के सामान पर हाथ साफ, 2.5 किमी केबल वायर समेत औजार और घरेलू सामान चोरी; पुलिस जांच में जुटी
कोरबा। कोरबा में चोरों के हौसले कितने बुलंद हैं, इसका अंदाजा रजगामार चौकी क्षेत्र के ठाकुर रवेला स्थित फार्म हाउस में हुई चोरी की घटना से लगाया जा सकता है। अज्ञात चोरों ने फार्म हाउस का ताला तोड़कर लाखों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। हैरानी की बात यह है कि चोर सीसीटीवी कैमरा, टीवी और फ्रिज जैसे सामान के साथ जर्मन शेफर्ड नस्ल के छह डॉग पप्पी भी चोरी कर ले गए।
जानकारी के अनुसार रानी रोड, कोरबा निवासी 25 वर्षीय अक्षत शर्मा का ठाकुर रवेला में फार्म हाउस है। बुधवार सुबह ग्रामीण रवि कुमार राठिया ने उन्हें फार्म हाउस में चोरी होने की सूचना दी। सूचना मिलते ही अक्षत मौके पर पहुंचे। फार्म हाउस का ताला टूटा हुआ था और अंदर सामान बिखरा पड़ा था।
जांच करने पर पता चला कि चोर छह डॉग पप्पी, सीसीटीवी कैमरा, टीवी, फ्रिज, स्माई मशीन, कंबल, लकड़ी काटने के तीन औजार, पलंग, खाना बनाने के बर्तन सहित कई अन्य सामान ले गए हैं। इसके अलावा करीब 2.5 किलोमीटर लंबी केबल वायर समेत छोटे-बड़े कई कीमती सामान भी चोरी होने की बात सामने आई है।
पहले भी चोरी हो चुके हैं डॉग पप्पी
पीड़ित अक्षत शर्मा के मुताबिक, इससे पहले भी उनके फार्म हाउस से जर्मन शेफर्ड नस्ल के पप्पी चोरी हो चुके हैं। लगातार चोरी की घटनाओं से फार्म हाउस की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। अक्षत ने बताया कि वह कोरबा में रहते हैं और रोजाना फार्म हाउस आना-जाना करते हैं।
फार्म हाउस में ऑफिस और एक कमरे में सामान रखा हुआ था। चोरों ने कमरे का ताला तोड़कर सामान खंगाला और बड़ी मात्रा में सामान लेकर फरार हो गए।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना को लेकर पीड़ित ने रजगामार-ओमपुर चौकी में लिखित शिकायत दी है। शिकायत के साथ चोरी हुए सामान की सूची भी पुलिस को सौंपी गई है। पुलिस ने आवेदन के आधार पर जांच शुरू कर दी है। आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ कर संदिग्धों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
फिलहाल पुलिस के सामने चोरों की पहचान और चोरी गए छह डॉग पप्पी समेत अन्य सामान की बरामदगी चुनौती बनी हुई है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर जल्द ही चोरी का सामान बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















