ऑडिट के बाद ही रजिस्ट्रार को भेजी जाती है रिपोर्ट, आरोप निराधार: नाथूलाल पाण्डेय

कोरबा।हिन्द मजदूर सभा (एचएमएस) के केंद्रीय महासचिव नाथूलाल पाण्डेय ने संगठन पर लगाए जा रहे आर्थिक अनियमितताओं के आरोपों को पूरी तरह निराधार बताते हुए कहा है कि यूनियन की वित्तीय प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और नियमबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठन के सभी आय-व्यय का नियमित ऑडिट कराया जाता है और निर्धारित प्रक्रिया के तहत ही रिपोर्ट रजिस्ट्रार कार्यालय में प्रस्तुत की जाती है।

नाथूलाल पाण्डेय ने कहा कि संगठन के महत्वपूर्ण दायित्वों पर अनुभवी और योग्य लोग नियुक्त हैं, जो प्रत्येक वित्तीय प्रक्रिया की बारीकी से जांच करते हैं। किसी भी भुगतान या खर्च को बिना परीक्षण के आगे नहीं बढ़ाया जाता।

उन्होंने बताया कि वर्षभर के सभी खर्चों का ऑडिटर द्वारा परीक्षण किया जाता है। ऑडिट पूरा होने के बाद चार्टर्ड अकाउंटेंट के प्रमाणीकरण के साथ रिपोर्ट तैयार की जाती है, जिस पर संगठन के अध्यक्ष और सचिव के हस्ताक्षर होते हैं।

इसके बाद ही पूरी ऑडिट रिपोर्ट और रिटर्न रजिस्ट्रार के पास जमा की जाती है। नियमानुसार प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्धारित राशि का एक हिस्सा संगठन को वापस भी प्राप्त होता है।

पाण्डेय ने सवाल उठाते हुए कहा कि जो लोग आज संगठन पर आरोप लगा रहे हैं, वे स्वयं लंबे समय तक संगठन में महत्वपूर्ण पदों पर रहे हैं और पूरी प्रक्रिया से भली-भांति परिचित हैं। इसके बावजूद तथ्यहीन आरोप लगाकर संगठन और उनकी छवि को धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने दोहराया कि लगाए गए सभी आरोपों का कानूनी तरीके से जवाब दिया जाएगा और संगठन की कार्यप्रणाली पूरी तरह नियमों एवं पारदर्शिता के अनुरूप संचालित होती है।