श्रवण यंत्र बना नई जिंदगी की सौगात,परस बाई को फिर सुनाई देने लगी अपनों की आवाज

कोरबा। कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित दिव्यांगजन एवं वरिष्ठ नागरिक हितैषी योजनाएं जरूरतमंद लोगों के जीवन में नई उम्मीद जगा रही हैं। इसी कड़ी में ग्राम चौराभाठा, दोंगामा, नोनबिर्रा निवासी 68 वर्षीय श्रीमती परस बाई को निःशुल्क श्रवण यंत्र उपलब्ध कराया गया, जिससे उनके जीवन में खुशियों ने फिर दस्तक दी है।

लंबे समय से सुनने में परेशानी के कारण परस बाई को परिवार के सदस्यों की बातें समझने, लोगों से संवाद करने और दैनिक कार्यों में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। उन्होंने समाज कल्याण विभाग में श्रवण यंत्र के लिए आवेदन किया था। आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद विभाग ने उन्हें निःशुल्क श्रवण यंत्र प्रदान किया।

श्रवण यंत्र लगाते ही परस बाई ने वर्षों बाद अपने परिवार की आवाजें स्पष्ट रूप से सुनीं। अपनों की आवाज दोबारा सुनकर उनकी आंखें खुशी से भर आईं। अब वे सहजता से लोगों से बातचीत कर रही हैं और सामाजिक गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी निभा रही हैं।

भावुक होकर परस बाई ने कहा कि यह श्रवण यंत्र उनके लिए नई जिंदगी का उपहार है। अब वे अपने परिवार और आसपास की दुनिया की आवाजें फिर से सुन पा रही हैं।

इसके लिए उन्होंने जिला प्रशासन, कलेक्टर कुणाल दुदावत और समाज कल्याण विभाग का हृदय से आभार व्यक्त किया।

समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि शासन की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों को आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर और सम्मानजनक जीवन जीने में सहयोग प्रदान किया जा रहा है।