वारदात CCTV में कैद, पुलिस ने फुटेज के आधार पर शुरू की जांच
कोरबा। जिले के दर्री थाना क्षेत्र के जैलगांव चौक स्थित एसबीआई ग्राहक सेवा केंद्र (चॉइस सेंटर) में देर रात नकाबपोश चोर ने शटर का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर ने लॉकर का ताला तोड़कर करीब 35 हजार रुपये नकद पार कर दिए। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
चॉइस सेंटर संचालक अनूप दास दीवान ने बताया कि मंगलवार रात करीब 9 बजे वह रोज की तरह केंद्र बंद कर घर चले गए थे। बुधवार सुबह जब दुकान खोलने पहुंचे तो शटर का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो सामान बिखरा पड़ा था और लॉकर का ताला भी टूटा हुआ था। जांच करने पर लॉकर में रखी करीब 35 हजार रुपये की नकदी गायब मिली, जबकि अन्य सामान सुरक्षित था।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के दुकानदार मौके पर पहुंचे और दर्री थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।
सीसीटीवी फुटेज में एक युवक मुंह पर कपड़ा बांधे दिखाई दे रहा है। फुटेज के अनुसार आरोपी पहले शटर का ताला तोड़ता है, फिर कुंडी तोड़कर दुकान के भीतर प्रवेश करता है और आराम से चोरी की वारदात को अंजाम देता है।
बताया जा रहा है कि चॉइस सेंटर मुख्य मार्ग पर स्थित है, जहां रात के समय भी वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। इसके बावजूद चोर ने बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दिया, जिससे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
दर्री पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे अन्य कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















