कोरबा। जिले की एसईसीएल मानिकपुर ओपनकास्ट खदान क्षेत्र में बरसात के मौसम में भी कोयला चोरी का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। देर रात कोयला तस्कर जान जोखिम में डालकर स्कूटी, साइकिल और अन्य छोटे वाहनों से कोयला चोरी कर ले जा रहे हैं। लगातार हो रही इस गतिविधि से कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार मानिकपुर खदान के आसपास हर रात कोयला चोरों का जमावड़ा लग जाता है। बारिश के कारण फिसलन और खदान क्षेत्र में बने गड्ढों के बावजूद तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर कोयला निकालते हैं और उसे छोटे वाहनों में भरकर ले जाते हैं।
इस पूरे घटनाक्रम का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कई लोग रात के अंधेरे में कोयला बीनते और ले जाते दिखाई दे रहे हैं।
बताया जा रहा है कि चोरी का कोयला आसपास के होटल, ढाबों, ईंट-भट्ठों और कुछ औद्योगिक इकाइयों तक पहुंचाया जाता है। सूत्रों का दावा है कि पहले कोयले को कुछ स्थानों पर इकट्ठा किया जाता है, फिर वहां से बड़े वाहनों के जरिए आगे भेजा जाता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि खदान क्षेत्र में लगातार हो रही इस तरह की गतिविधियों से सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। बरसात के दौरान खदान क्षेत्र में प्रवेश करना बेहद जोखिम भरा है और किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।
मामले पर कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने कहा कि यह मामला मीडिया के माध्यम से संज्ञान में आया है। क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाई जाएगी तथा जांच के बाद दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

