बुधवारी बाजार में ट्रैफिक पुलिस का विशेष अभियान, नियम तोड़ने वाले वाहनों पर हुई लॉक की कार्रवाई

क्रेन से मुनादी कर हटाए जा रहे वाहन,यातायात व्यवस्था बनाए रखने और अतिक्रमण रोकने के लिए की गई कार्रवाई

कोरबा। शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए बुधवारी बाजार के पास सड़क पर अवैध रूप से खड़े वाहनों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई शुरू की। अभियान के तहत सड़क किनारे खड़े वाहनों पर लॉकिंग (व्हील लॉक) की कार्रवाई की गई।

कार्रवाई के दौरान पुलिस की ओर से क्रेन के माध्यम से लगातार अनाउंसमेंट कर वाहन चालकों से अपने वाहन हटाने और सड़क पर पार्किंग नहीं करने की अपील की गई।

चेतावनी के बावजूद सड़क पर खड़े पाए गए वाहनों पर व्हील लॉक लगाया गया।

यह अभियान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतीश ठाकुर, सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी के निर्देशन में एएसआई मनोज राठौर एवं उनकी टीम द्वारा चलाया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सड़क पर अव्यवस्थित पार्किंग से यातायात प्रभावित होता है और आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसलिए भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।

पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित पार्किंग स्थल का उपयोग करने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है, ताकि शहर की यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।