कोरबा। कोरबा की होनहार निशानेबाज़ एवं स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. यामिनी बोडे ने रायपुर में आयोजित 25वीं छत्तीसगढ़ राज्य शूटिंग प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम गौरवान्वित किया है। उन्होंने प्रतियोगिता में 25 मीटर सेंटर फायर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक तथा 25 मीटर स्टैंडर्ड पिस्टल स्पर्धा में रजत पदक अपने नाम किया।
11 से 21 जुलाई तक आयोजित इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में पुलिस महानिदेशक (DGP) अरुण देव गौतम मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को पदक एवं सम्मान प्रदान किया।
डॉ. यामिनी बोडे वर्तमान में धनराजकुंवर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कोरबा में स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ (गायनेकोलॉजिस्ट) के रूप में सेवाएं दे रही हैं। वे कोरबा के पूर्व मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. बी.बी. बोडे एवं वरिष्ठ स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. अन्नपूर्णा बोडे की सुपुत्री हैं।
गौरतलब है कि पिछले वर्ष भी डॉ. यामिनी ने इसी प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था। इस बार स्वर्ण और रजत पदक जीतकर उन्होंने अपनी उपलब्धियों में एक और स्वर्णिम अध्याय जोड़ दिया है।
डॉ. यामिनी बोडे की इस उल्लेखनीय सफलता पर पूरे कोरबा जिले में हर्ष का माहौल है। विभिन्न सामाजिक, चिकित्सा एवं खेल संगठनों ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि न केवल कोरबा बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है। उनकी सफलता युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

