उत्पादन क्षमता 5.25 से बढ़ाकर 7 मिलियन टन प्रतिवर्ष करने का प्रस्ताव, प्रभावित ग्रामीण रख सकेंगे आपत्ति और सुझाव
कोरबा। एसईसीएल कोरबा एरिया की सबसे बड़ी कोयला खदानों में शामिल मानिकपुर ओपनकास्ट परियोजना के क्षमता विस्तार की प्रक्रिया आगे बढ़ गई है। छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल (सीईसीबी) ने परियोजना की पर्यावरणीय स्वीकृति के लिए जनसुनवाई आयोजित करने की अधिसूचना जारी कर दी है। प्रस्ताव के अनुसार खदान की उत्पादन क्षमता 5.25 मिलियन टन प्रतिवर्ष से बढ़ाकर 7 मिलियन टन प्रतिवर्ष की जाएगी।
परियोजना विस्तार के साथ खदान का क्षेत्रफल भी 1018.925 हेक्टेयर से बढ़ाकर 1031.507 हेक्टेयर किया जाएगा। इस विस्तार से आसपास के कई गांव प्रभावित होंगे, जिन्हें जनसुनवाई के दौरान अपनी आपत्तियां और सुझाव रखने का अवसर मिलेगा।
21 अगस्त को होगी जनसुनवाई
सीईसीबी की अधिसूचना के अनुसार परियोजना की जनसुनवाई 21 अगस्त 2026 को सुबह 11 बजे मानिकपुर साप्ताहिक बाजार के समीप स्थित कल्याण मंडप में आयोजित की जाएगी। इसमें प्रभावित ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और अन्य हितधारक परियोजना से जुड़े मुद्दों पर अपनी राय रख सकेंगे। अधिसूचना जारी होने की तिथि से 30 दिनों के भीतर संबंधित क्षेत्रीय कार्यालय में लिखित आपत्तियां और सुझाव भी जमा किए जा सकते हैं।
कई गांव होंगे प्रभावित
प्रस्तावित विस्तार से भिलाईभांठा, दादर, मानिकपुर, इमलीडुग्गू सहित आसपास के कई गांव प्रभावित होंगे। पर्यावरणीय स्वीकृति प्रक्रिया के तहत इन क्षेत्रों के लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जनसुनवाई आयोजित की जा रही है।
कोरबा एरिया की सबसे बड़ी उत्पादक खदान
मानिकपुर ओपनकास्ट परियोजना एसईसीएल के कोरबा एरिया की सबसे अधिक उत्पादन करने वाली खदानों में शामिल है। कोरबा एरिया के कुल कोयला उत्पादन में इस खदान का महत्वपूर्ण योगदान है। क्षमता विस्तार के बाद उत्पादन बढ़ने की संभावना है, जिससे कोयला आपूर्ति को मजबूती मिलेगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

