मंत्री लखनलाल व महापौर संजूदेवी ने किया भूमिपूजन
कोरबा।शहर के वार्डों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और सामाजिक आवश्यकताओं को पूरा करने के उद्देश्य से गुरुवार को ढोढ़ीपारा और कोहड़िया क्षेत्र में कुल 96.76 लाख रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया गया। कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन और महापौर संजूदेवी राजपूत ने इन कार्यों की शुरुआत की।
इस दौरान वार्ड क्रमांक 15 में 15 लाख रुपये की लागत से निर्मित बरेठ समाज के सामुदायिक भवन का लोकार्पण किया गया, जबकि वार्ड क्रमांक 18 कोहड़िया और आसपास के क्षेत्रों में 81.76 लाख रुपये के विभिन्न निर्माण कार्यों का भूमिपूजन हुआ।
बरेठ समाज को मिला सामुदायिक भवन
ढोढ़ीपारा स्थित रशियन हॉस्टल के समीप, जीटी हॉस्टल और सीएसईबी नहर पुल के पास वार्ड क्रमांक 15 में बरेठ समाज की मांग पर जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) मद से 15 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन का निर्माण कराया गया है। मंत्री और महापौर ने इसका लोकार्पण कर इसे समाज को समर्पित किया।
कोहड़िया में 81.76 लाख के कार्यों का भूमिपूजन
वार्ड क्रमांक 18 कोहड़िया एवं आसपास के क्षेत्रों में विभिन्न विकास कार्यों के लिए भूमिपूजन किया गया। इनमें 48.61 लाख रुपये की लागत से मुक्तिधाम निर्माण एवं विकास कार्य, 6.60 लाख रुपये से पचरी निर्माण और बावापारा कोहड़िया में 6.57 लाख रुपये की लागत से पचरी निर्माण शामिल है।
इसके अलावा सामुदायिक भवन के समीप 9.98 लाख रुपये की लागत से पेवर ब्लॉक, शेड एवं अन्य विकास कार्य कराए जाएंगे। कहरा मोहल्ला सामुदायिक भवन के पास 10 लाख रुपये की लागत से शौचालय निर्माण के साथ किचन शेड और सांस्कृतिक मंच से संबंधित कार्य भी प्रस्तावित हैं।
समाजों की मांग के अनुरूप हो रहे विकास कार्य : देवांगन
कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि समाजों की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्य कराए जा रहे हैं।
समाज का विकास शहर की प्रगति की पहली सीढ़ी है। इसी भावना के साथ बीते पौने तीन वर्षों में लगभग 60 समाजों को विभिन्न विकास कार्यों की सौगात दी गई है।
महापौर संजूदेवी राजपूत ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र के सभी वार्डों और वहां रहने वाले लोगों की मांगों को गंभीरता से लिया जा रहा है। घोषणाओं के अनुरूप विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए स्पष्ट नीति और समन्वित प्रयास किए जा रहे हैं।
एमआईसी सदस्य नरेंद्र देवांगन ने कहा कि समाजों की मांगों और वार्डों के विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। इन कार्यों से स्थानीय नागरिकों को आवश्यक सुविधाएं मिलेंगी और सामाजिक गतिविधियों के लिए बेहतर संसाधन उपलब्ध होंगे।
कार्यक्रम में पार्षद लक्ष्मण श्रीवास, राम कुमार साहू, एल्डरमैन दीपक यादव, राजेश राठौर, मनीष मिश्रा सहित विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















