ग्रामसभा की कार्यवाही में कूटरचना का आरोप, शिकायतकर्ता ने एफआईआर, राशि वसूली और निष्पक्ष जांच की उठाई मांग
कोरबा। जिले के सांसद आदर्श ग्राम तिलकेजा में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) को लेकर कथित बड़े घोटाले का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता जितेंद्र कुमार साहू ने आरोप लगाया है कि जिन 66 लोगों को वर्ष 2024 की ग्रामसभा में अपात्र घोषित किया गया था, उन्हें वर्ष 2026 की ग्रामसभा में कथित रूप से फर्जी कार्यवाही तैयार कर पात्र घोषित कर दिया गया। इतना ही नहीं, इन हितग्राहियों के खातों में 40-40 हजार रुपये की पहली किस्त भी जारी कर दी गई। मामले की शिकायत जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी से करते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है।
शिकायत के अनुसार, 18 जुलाई 2024 को आयोजित ग्रामसभा में प्रधानमंत्री आवास योजना के 214 हितग्राहियों की सूची का परीक्षण किया गया था। इस दौरान सरकारी नौकरी, पक्का मकान, पूर्व में आवास योजना का लाभ लेने अथवा अन्य कारणों से 66 लोगों को अपात्र घोषित किया गया था। आरोप है कि 14 अप्रैल 2026 को आयोजित ग्रामसभा की नई कार्यवाही तैयार कर इन्हीं अपात्र हितग्राहियों को पात्र घोषित कर दिया गया।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि ग्रामसभा की कथित फर्जी कार्यवाही के आधार पर जून 2026 में इन 66 हितग्राहियों में से 48 से अधिक लोगों के खातों में 40-40 हजार रुपये की पहली किस्त जारी कर दी गई। आगे की किस्तों के भुगतान और मनरेगा मजदूरी के नाम पर भी सरकारी राशि के दुरुपयोग की आशंका जताई गई है।
जितेंद्र कुमार साहू ने सरपंच, सचिव एवं संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों पर कूटरचना, धोखाधड़ी और सरकारी धन के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए स्वतंत्र जांच दल गठित करने, दोषियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने, अपात्र हितग्राहियों की स्वीकृति निरस्त करने तथा जारी राशि की वसूली की मांग की है। साथ ही पंचायत राज अधिनियम के तहत संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की भी मांग की गई है।
जांच के बाद ही सामने आएगी सच्चाई
फिलहाल यह मामला शिकायत के आधार पर सामने आया है। आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। यदि शिकायत सही पाई जाती है तो यह प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) से जुड़ा जिले का बड़ा वित्तीय अनियमितता का मामला साबित हो सकता है। वहीं इस मामले में संबंधित पंचायत और अधिकारियों का पक्ष सामने आना अभी बाकी है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

