महिला-बच्चे भी आए चपेट में, कई घायल; हादसे के बाद वाहन छोड़कर चालक फरार
कोरबा।कोरबा-चांपा राष्ट्रीय राजमार्ग पर उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम मड़वारानी पुल के समीप बुधवार को एक कार की टक्कर से अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि बेकाबू कार ने सड़क पर मौजूद 7 से 8 लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में महिला, पुरुष और बच्चे भी घायल हुए हैं। इनमें एक व्यक्ति के गंभीर रूप से घायल होने की जानकारी सामने आई है, हालांकि घायलों की स्थिति की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। घटना के बाद कार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
महिला और बच्चे भी आए चपेट में
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मड़वारानी पुल के पास कार चालक कथित तौर पर लापरवाहीपूर्वक वाहन चला रहा था। इसी दौरान कार ने एक के बाद एक कई लोगों को टक्कर मार दी। अचानक हुए हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। घायलों में महिला और बच्चे भी शामिल बताए जा रहे हैं। हादसे में कई लोगों को चोटें आई हैं।
चालक वाहन छोड़कर फरार, मौके पर जुटी भीड़
दुर्घटना के बाद कार चालक वाहन को घटनास्थल पर ही छोड़कर फरार हो गया। हादसे की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा गया।
सूचना मिलने पर उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए लोगों को शांत कराया। पुलिस दुर्घटना के संबंध में जानकारी जुटा रही है। फरार चालक की तलाश और हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है। घायलों की संख्या और उनकी स्थिति के संबंध में विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















