तीन अलग-अलग मामलों में पुलिस ने दर्ज किया अपराध
कोरबा। जिले में मारपीट और जान से मारने की धमकी देने की तीन अलग-अलग घटनाएं सामने आई हैं। कुसमुंडा क्षेत्र में एक युवक की आंख में मिर्च झोंककर लोहे की वस्तु और कांच की बोतल से हमला किया गया। वहीं, बालको क्षेत्र में बुलेट सवार युवकों में से एक ने चूड़ा से वार कर युवक को घायल कर दिया। तीसरी घटना पाली थाना क्षेत्र की है, जहां भैंस चराने को लेकर हुए विवाद में एक युवती के साथ मारपीट की गई और उसे धमकी दी गई। तीनों मामलों में संबंधित थानों की पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आंख में मिर्च झोंककर बोतल से किया हमला
कुसमुंडा थाना क्षेत्र के ग्राम खम्हरिया निवासी 18 वर्षीय विशाल विश्वकर्मा मजदूरी करता है। शिकायत के अनुसार, 19 अक्टूबर को दोपहर करीब 1:30 बजे वह तरुण यादव और खगेंद्र यादव के साथ गांव के पास अहिरन नदी किनारे खड़ा था। इसी दौरान गांव का आदित्य यादव कथित तौर पर शराब के नशे में वहां पहुंचा और तरुण की आंख में मिर्च झोंककर लोहे की वस्तु से मारपीट करने लगा।
विशाल बीच-बचाव करने पहुंचा तो आरोपी ने तरुण को छोड़कर उसके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद जमीन पर पड़ी कांच की बोतल फोड़कर विशाल के सीने और बाएं हाथ पर वार कर दिया। हमले में उसे चोटें आईं और खून निकलने लगा। शिकायत के आधार पर कुसमुंडा पुलिस ने आदित्य यादव के विरुद्ध बीएनएस की धारा 115(2), 296 और 351(3) के तहत अपराध दर्ज किया है।
बुलेट सवार ने चूड़ा से युवक के सिर पर किया वार
बालको थाना क्षेत्र के परसाभाठा बिही बाड़ी निवासी आशीष चंद्रवंशी वेल्डिंग का काम करता है। उसकी शिकायत के मुताबिक, 18 अक्टूबर की रात करीब 10:15 बजे वह घर से बिही बाड़ी दुर्गा पंडाल की चाबी लेने जा रहा था। इसी दौरान यादव दुकान के पास काले रंग की बुलेट पर सवार तीन अज्ञात व्यक्ति पहुंचे।
आरोप है कि उनमें से एक ने आशीष के साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और चूड़ा से उसके सिर पर वार कर दिया। चोट लगने से उसके सिर से खून निकलने लगा। मामले में बालको पुलिस ने अज्ञात आरोपी के विरुद्ध बीएनएस की धारा 115(2), 296 और 351(3) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है।
भैंस चराने को लेकर विवाद, युवती से मारपीट
पाली थाना क्षेत्र के ग्राम काचरमार निवासी रितु यादव ने गांव के तूफान सिंह गोंड़ पर मारपीट और धमकी देने का आरोप लगाया है। शिकायत के अनुसार, 18 अक्टूबर को दोपहर करीब 12 बजे युवती गांव के नाले के किनारे भैंस चरा रही थी। इसी दौरान आरोपी वहां पहुंचा और उस स्थान पर भैंस चराने को लेकर विवाद करने लगा।
आरोप है कि युवती जब डरकर वहां से भागने लगी तो आरोपी ने उसका हाथ पकड़ लिया। इसके बाद गाली-गलौज करते हुए उसके दाएं गाल और कान के पास थप्पड़ मारे, जिससे उसे दर्द होने लगा। युवती ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के बारे में किसी को बताने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी। शिकायत पर पाली पुलिस ने तूफान सिंह गोंड़ के विरुद्ध बीएनएस की धारा 115(2), 296 और 351(3) के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















