राशन दुकान से सामान लेने गई सात वर्षीय बच्ची लापता, तलाश में जुटी पुलिस

कोरबा। जिले के रजगामार बस्ती में राशन दुकान से घरेलू सामान लेने गई सात वर्षीय बच्ची के लापता होने का मामला सामने आया है। बच्ची काफी देर तक घर नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। गांव और आसपास के इलाकों में खोजबीन के बाद भी कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही रजगामार चौकी पुलिस सक्रिय हुई और बच्ची की तलाश शुरू कर दी। बच्ची के लापता होने से परिजन परेशान हैं।

सामान लेने निकली, फिर नहीं लौटी घर
जानकारी के अनुसार, लापता बच्ची की पहचान भव्या जोशी (7 वर्ष) के रूप में हुई है। उसके पिता सक्ती जिले के ग्राम फगुरम के निवासी हैं। वे करीब चार महीने पहले अपने चार बच्चों के साथ रोजगार की तलाश में कोरबा के रजगामार आए थे। यहां वे एक पोल्ट्री फार्म में काम करते हैं और परिवार सहित वहीं रहते हैं।

परिजनों के मुताबिक, 19 अक्टूबर को दोपहर करीब डेढ़ बजे बच्ची के पिता ने भव्या को पास की राशन दुकान से घरेलू उपयोग का सामान लाने के लिए भेजा था। काफी समय बीतने के बाद भी जब वह वापस नहीं लौटी तो परिजनों को चिंता हुई। उन्होंने पहले आसपास और फिर गांव के विभिन्न स्थानों पर उसकी तलाश की, लेकिन बच्ची का कोई पता नहीं चला।

पुलिस ने शुरू की तलाश
बच्ची के लापता होने की सूचना मिलने पर बालको थाना अंतर्गत रजगामार चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाते हुए बच्ची की तलाश शुरू कर दी है। हालांकि, फिलहाल बच्ची के संबंध में कोई जानकारी सामने नहीं आई है।

परिजन बच्ची के सुरक्षित मिलने की उम्मीद में उसकी तलाश कर रहे हैं, वहीं पुलिस भी मामले की जांच में जुटी हुई है।