विजयादशमी पर शहर के प्रमुख दशहरा उत्सवों में शामिल हुए उद्योग मंत्री

“अधर्म पर धर्म, असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की विजय का पर्व है विजयादशमी” : लखन लाल

कोरबा।विजयादशमी के अवसर पर कैबिनेट मंत्री एवं कोरबा विधायक लखन लाल देवांगन शहर के विभिन्न प्रमुख दशहरा उत्सवों में शामिल हुए। उन्होंने भगवान श्रीराम के आदर्शों का स्मरण करते हुए नागरिकों को विजयादशमी की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने चार दशहरा एवं दुर्गा पूजा समितियों को एक-एक लाख रुपये की सहयोग राशि देने की घोषणा भी की।

मंत्री देवांगन सबसे पहले एचटीपीपी दर्री के लाल मैदान में आयोजित दशहरा उत्सव में शामिल हुए। इसके बाद दर्री मेन रोड स्थित दुर्गा पूजा एवं दशहरा उत्सव में सहभागिता की।

उन्होंने बुधवारी बस्ती, मुड़ापार बाजार और राजेंद्र प्रसाद नगर फेस-1, निहारिका में आयोजित दशहरा उत्सवों में भी शिरकत की। सभी आयोजन स्थलों पर उन्होंने नागरिकों को पर्व की बधाई देते हुए आपसी प्रेम, सद्भाव और सामाजिक एकता के साथ त्योहार मनाने का संदेश दिया।

इस अवसर पर मंत्री देवांगन ने दर्री मेन रोड दुर्गा पूजा समिति, बुधवारी दशहरा उत्सव समिति, मुड़ापार दशहरा उत्सव समिति और राजेंद्र प्रसाद नगर फेस-1 की समिति को एक-एक लाख रुपये की सहयोग राशि देने की घोषणा की।

बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है विजयादशमी
अपने संबोधन में मंत्री देवांगन ने कहा कि विजयादशमी अधर्म पर धर्म, असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की विजय का पर्व है। यह केवल भगवान श्रीराम की रावण पर विजय का उत्सव नहीं, बल्कि सत्य, न्याय और सदाचार की शक्ति का प्रतीक भी है। यह पर्व हमें सिखाता है कि परिस्थितियां कितनी भी कठिन क्यों न हों, सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने वालों की अंततः विजय होती है।

उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन मर्यादा, त्याग, कर्तव्यनिष्ठा और जनकल्याण का अनुपम उदाहरण है। उनके आदर्श आज भी परिवार, समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने की प्रेरणा देते हैं। विजयादशमी हमें अपने भीतर के अहंकार, क्रोध, द्वेष और नकारात्मकता जैसी बुराइयों को त्यागकर अच्छाई एवं सदाचार अपनाने का संकल्प लेने का संदेश देती है।

सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक एकता का संदेश
मंत्री देवांगन ने कहा कि त्योहार भारतीय संस्कृति और परंपराओं के संवाहक हैं। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने के साथ समाज में भाईचारे और सद्भाव को मजबूत करते हैं। उन्होंने कोरबा वासियों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना करते हुए सभी से भगवान श्रीराम के आदर्शों को आत्मसात करने तथा सशक्त, समृद्ध और संस्कारवान समाज के निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान किया।

इस अवसर पर एमआईसी सदस्य नरेंद्र देवांगन, पार्षद प्रीति शर्मा, प्रफुल्ल तिवारी, मनोज लहरे, वैभव शर्मा, एल्डरमैन ईश्वर साहू, सरोज शांडिल्य, मुकुंद कंवर, किशोर साहू और पार्षद पंकज देवांगन सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न समितियों के पदाधिकारी उपस्थित थे।