बालकोनगर में धूमधाम से मनाया गया विजयादशमी उत्सव

बालकोनगर। बालकोनगर के रामलीला मैदान में बालको सार्वजनिक विजयादशमी समिति द्वारा विजयादशमी उत्सव धूमधाम से मनाया गया। भगवान श्रीराम, माता सीता और हनुमान जी की आकर्षक झांकियों, रामलीला मंचन तथा रावण-दहन ने आयोजन को विशेष बना दिया। इस अवसर पर बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं पूर्णकालिक निदेशक राजेश सिंह ने रावण-दहन किया। उत्सव में बालकोनगर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।

पूजा-अर्चना के साथ हुआ उत्सव का शुभारंभ
विजयादशमी उत्सव की शुरुआत पूजा-अर्चना के साथ हुई। भगवान श्रीराम की आराधना कर कंपनी, कर्मचारियों और क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं निरंतर प्रगति की कामना की गई। आयोजन के दौरान प्रस्तुत रामलीला के माध्यम से भगवान श्रीराम के जीवन, आदर्शों और मर्यादा का संदेश दिया गया। धार्मिक प्रसंगों पर आधारित प्रस्तुतियों ने दर्शकों को आकर्षित किया।

रावण-दहन के साथ दिया सत्य की विजय का संदेश
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रावण-दहन रहा। राजेश सिंह द्वारा रावण-दहन किए जाने के साथ ही मैदान में उपस्थित लोगों ने उत्साह के साथ विजयादशमी का पर्व मनाया। रावण-दहन के माध्यम से असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश दिया गया।

49 वर्षों से निभाई जा रही सांस्कृतिक परंपरा
बालकोनगर का सार्वजनिक विजयादशमी उत्सव पिछले 49 वर्षों से क्षेत्र की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा बना हुआ है। यह आयोजन धार्मिक आस्था को मजबूत करने के साथ ही सामाजिक एकता, आपसी सौहार्द और सामुदायिक सहभागिता को भी बढ़ावा देता है।

हर वर्ष आयोजित होने वाला यह उत्सव क्षेत्रवासियों को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का माध्यम बना हुआ है।